

ग्रामीणों का जल संस्थान कार्यालय में प्रदर्शन, अधिशासी अभियंता को दिया अल्टीमेटम!
दर्पण न्यूज 24/7 | लालकुआं (नैनीताल)
उत्तराखंड-बरेली रोड क्षेत्र के अंतर्गत गौलापार के बागजाला गांव में पेयजल पाइपलाइन बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने से नलों में नाली का गंदा पानी आने लगा है। इससे ग्रामीणों को मजबूरी में दूषित पानी पीना पड़ रहा है, जिससे गंभीर बीमारियों का खतरा मंडराने लगा है।
अखिल भारतीय किसान महासभा बागजाला ग्राम कमेटी के प्रतिनिधिमंडल ने गोरापड़ाव स्थित जल संस्थान लालकुआं डिवीजन के अधिशासी अभियंता से मुलाकात कर पाइपलाइन की तत्काल मरम्मत की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समस्या का समाधान नहीं हुआ तो ग्रामीण आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।
भाकपा माले नैनीताल जिला सचिव डॉ. कैलाश पाण्डेय ने कहा कि स्वच्छ पेयजल हर नागरिक का बुनियादी अधिकार है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या किसी बड़े हादसे के बाद ही प्रशासन जागेगा? वहीं किसान महासभा के बागजाला सचिव वेद प्रकाश ने बताया कि जल जीवन मिशन का कार्य अधूरा पड़ा है और पुरानी पाइपलाइन जगह-जगह से टूटी होने के कारण पानी की भारी बर्बादी हो रही है, जिससे गांव में लगातार पेयजल संकट बना हुआ है।
जल संस्थान के अधिशासी अभियंता ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की मरम्मत शीघ्र कराई जाएगी। इससे पहले किसान महासभा ने गांव में सिंचाई गूल/नहरों की मरम्मत को लेकर लघु सिंचाई विभाग में भी ज्ञापन सौंपा।
इस दौरान डॉ. कैलाश पाण्डेय, वेद प्रकाश, पूर्व प्रधानाचार्य गणेश राम, कोषाध्यक्ष मीना भट्ट, हेमा देवी, प्रचार सचिव पंकक चौहान, चन्दन सिंह मटियाली, दिनेश पांडे, प्रेम सिंह नयाल, हेमा आर्य, मंजू टम्टा सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।
