खबरें शेयर करें -

हाथियों के झुंड ने रोकी NH-309 की रफ्तार, पर्यटकों को मिला ‘लाइव जंगल सफारी’ का रोमांच!
दर्पण न्यूज़ 24/7 | रामनगर।
रामनगर नेशनल हाईवे 309 पर उस वक्त रोमांच और कौतूहल का माहौल बन गया, जब रामनगर से करीब चार किलोमीटर आगे रिंगोड़ा क्षेत्र के पास कॉर्बेट से सटे वन क्षेत्र से हाथियों का एक झुंड सड़क पर उतर आया। झुंड में वयस्क हाथियों के साथ नन्हें शावक भी शामिल थे, जिन्हें मादा हाथी चारों ओर से घेरे हुए सुरक्षा प्रदान करती नजर आईं।
अचानक सड़क पर हाथियों को देख हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात कुछ समय के लिए पूरी तरह ठप हो गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि मौके पर मौजूद वाहन चालकों और पर्यटकों ने संयम और समझदारी का परिचय दिया। किसी ने भी हाथियों को परेशान करने या हॉर्न बजाने की कोशिश नहीं की। सभी लोग अपने वाहनों में शांतिपूर्वक रुककर झुंड के सुरक्षित पार होने का इंतजार करते रहे।
हाथियों का झुंड पूरी सतर्कता के साथ सड़क पार करता रहा। मादा हाथी आगे-पीछे रहकर शावकों की निगरानी करती दिखीं। यह नज़ारा देखने वालों के लिए किसी जंगल सफारी से कम नहीं था। कई पर्यटकों ने कहा कि वे कॉर्बेट पार्क में सफारी बुक कर वन्यजीव देखने आते हैं, लेकिन इस बार जंगल खुद ही हाईवे पर उतर आया।
कुछ ही मिनटों में पूरा झुंड सुरक्षित रूप से सड़क पार कर जंगल की ओर चला गया, जिसके बाद यातायात फिर से सुचारु हो सका। दिन के उजाले में इस तरह हाथियों का सड़क पर आना लोगों के लिए एक अनोखा और यादगार अनुभव बन गया।
वन विभाग की ओर से समय-समय पर हाईवे से गुजरने वाले यात्रियों से वन्यजीवों के प्रति सतर्कता बरतने और उन्हें किसी भी प्रकार से परेशान न करने की अपील की जाती रही है। यह घटना एक बार फिर याद दिलाती है कि यह इलाका वन्यजीवों का प्राकृतिक आवास है और यहां से गुजरते वक्त इंसानों को धैर्य और जिम्मेदारी के साथ व्यवहार करना चाहिए।

उत्तराखंड