








देहरादून में गोबर उठान अभियान शुरू: नालियां जाम करने वालों पर सख्त कार्रवाई, 10 फरवरी से नगर निगम की पहल!
दर्पण न्यूज 24/7 देहरादून।
नगर निगम देहरादून (MCD) शहर की सफाई व्यवस्था को मजबूत करने, नालियों व सीवर लाइनों के जाम की समस्या से निजात दिलाने और सार्वजनिक स्वच्छता सुधारने के उद्देश्य से 10 फरवरी से गोबर संग्रहण अभियान शुरू करने जा रहा है। यह पहल मेयर सौरभ थपलियाल के निर्देश और नगर आयुक्त नमामि बंसल के नेतृत्व में संचालित की जाएगी।
वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. वरुण अग्रवाल द्वारा जारी आधिकारिक पत्र के अनुसार, अभियान के तहत नगर निगम अपने वाहनों से शहर सीमा के भीतर स्थित डेयरियों से गोबर का नियमित संग्रह करेगा। प्रारंभिक चरण में दो ट्रैक्टर-ट्रॉली और चालक तैनात किए गए हैं। गोबर को वाहनों में लोड करने की जिम्मेदारी संबंधित डेयरी संचालकों की होगी।
पहले चरण में शीशमबाड़ा और आसपास के क्षेत्रों की प्रमुख डेयरियों को शामिल किया गया है। एकत्रित गोबर को शंकरपुर स्थित गौ-आश्रय स्थल ले जाया जाएगा, जहां वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण एवं प्रसंस्करण के लिए दो प्रोसेसिंग प्लांट लगाए गए हैं।
डॉ. अग्रवाल ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि खुले स्थानों, सार्वजनिक नालियों या सीवर लाइनों में गोबर फेंकने वालों पर सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। यह नगर निगम के स्वच्छता नियमों का उल्लंघन है।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, कई क्षेत्रों के डेयरी संचालकों को औपचारिक नोटिस जारी कर दिए गए हैं और उन्होंने अपने विवरण व हस्ताक्षर के साथ इस पहल में सहयोग का भरोसा भी दिया है।
अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान शहर की स्वच्छता बढ़ाने, पर्यावरणीय प्रदूषण कम करने और जल निकासी तंत्र को सुरक्षित रखने की दिशा में एक बड़ा कदम है। इस पहल से मोहल्लों की साफ-सफाई बेहतर होगी, जल अवसंरचना की रक्षा होगी और सतत अपशिष्ट प्रबंधन को भी बढ़ावा मिलेगा।
