खबरें शेयर करें -

हल्द्वानी में बाघ के हमले से महिला की मौत पर सांसद अजय भट्ट ने जताया शोक, मानव–वन्यजीव संघर्ष पर फिर उठे सवाल!

दर्पण न्यूज 24/7
हल्द्वानी। अजय भट्ट ने फतेहपुर स्थित गांधी आश्रम–तारकेश्वर मंदिर के पीछे पीपल पोखरा जंगल क्षेत्र में वन्यजीव के हमले से एक महिला की मौत पर गहरा शोक व्यक्त किया। घटना को अत्यंत दुःखद बताते हुए उन्होंने शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की।
सांसद ने दूरभाष के माध्यम से जिलाधिकारी से वार्ता कर क्षेत्र में सुरक्षा की दृष्टि से हर संभव आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। साथ ही वन विभाग को प्रभावित क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने, पिंजरा लगाने तथा टीमों की संख्या बढ़ाकर सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
स्थानीयों में आक्रोश, ठोस कार्ययोजना की मांग
घटना के बाद क्षेत्र में भय का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि हर बार घटना के बाद शोक संदेश और औपचारिक निर्देश जारी हो जाते हैं, लेकिन स्थायी समाधान के लिए ठोस कार्ययोजना नहीं बन पाती। जंगल से सटे आबादी वाले इलाकों में नियमित गश्त, ट्रैप कैमरे, रैपिड रिस्पॉन्स टीम की तैनाती और संवेदनशील क्षेत्रों में 24×7 निगरानी जैसी व्यवस्थाएं ज़मीनी स्तर पर तेज़ किए जाने की मांग उठ रही है।
बढ़ता मानव–वन्यजीव संघर्ष चिंता का विषय
विशेषज्ञों के अनुसार, जंगलों से सटे क्षेत्रों में आबादी के विस्तार और वन्यजीवों की आवाजाही के चलते मानव–वन्यजीव संघर्ष की घटनाएं बढ़ रही हैं। प्रशासन और वन विभाग से समन्वित व दीर्घकालिक कार्ययोजना लागू करने की मांग तेज हो गई है।

उत्तराखंड