“राजधानी में 15 दिन में 5 मर्डर, सरकार मौन—अपराधियों में कानून का खौफ खत्म: नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य”
देहरादून | दर्पण न्यूज 24/7 ब्यूरोa
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में महज 15 दिनों के भीतर 5 हत्याओं की वारदातों ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जब राजधानी ही असुरक्षित हो जाए, तो आम जनता की सुरक्षा की गारंटी कौन देगा?
यशपाल आर्य ने कहा कि प्रदेश में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और शासन-प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है। लगातार सामने आ रही जघन्य घटनाएं यह संकेत देती हैं कि पुलिस तंत्र पर या तो दबाव है या फिर गंभीर ढिलाई बरती जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि अपराधियों में कानून का भय समाप्त हो चुका है और खुफिया व निगरानी व्यवस्था कमजोर पड़ चुकी है।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि राजधानी में 15 दिनों में 5 हत्याएं होना किसी भी सरकार के लिए गंभीर चेतावनी है। यह केवल आंकड़ों का मामला नहीं, बल्कि हर परिवार की सुरक्षा से जुड़ा सवाल है। उन्होंने सरकार से मांग की कि सभी मामलों की तत्काल उच्चस्तरीय समीक्षा की जाए और अपराध नियंत्रण के लिए विशेष अभियान चलाया जाए।
आर्य ने पुलिस गश्त बढ़ाने, खुफिया तंत्र को मजबूत करने और अब तक हुई कार्रवाई की पारदर्शी जानकारी जनता के सामने रखने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते कठोर और प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो जनता का भरोसा शासन-प्रशासन से पूरी तरह डगमगा जाएगा।
नेता प्रतिपक्ष ने दो टूक कहा—“राजधानी सुरक्षित होगी तभी राज्य सुरक्षित होगा। अब बयानबाजी नहीं, ठोस कार्रवाई का समय है।”
