खबरें शेयर करें -

पारिवारिक विवाद बना जानलेवा — खनन कारोबारी ने लाइसेंसी पिस्टल से खुद को मारी गोली!
दर्पण न्यूज 24/7 | हल्द्वानी
हल्द्वानी के चोरगलिया थाना क्षेत्र में देर रात एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक खनन कारोबारी ने पारिवारिक विवाद के बाद अपनी लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मार ली। गंभीर रूप से घायल कारोबारी की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार घटना चोरगलिया क्षेत्र के गजेपुर गांव की है। मृतक की पहचान खनन कारोबारी कमलेश बेलवाल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि देर रात घर में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जो देखते ही देखते इतना बढ़ गया कि कमलेश बेलवाल ने आवेश में आकर अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकाल ली और खुद को गोली मार ली।
गोली चलने की आवाज सुनते ही परिजन घबराकर कमरे की ओर पहुंचे, जहां कमलेश बेलवाल लहूलुहान अवस्था में पड़े मिले। परिजन तत्काल उन्हें हल्द्वानी के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। साथ ही घटनास्थल से लाइसेंसी पिस्टल भी बरामद कर ली गई है।
सीओ हल्द्वानी अमित सैनी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की वजह पारिवारिक विवाद सामने आ रहा है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और यह जानने का प्रयास किया जा रहा है कि आखिर विवाद इतना गंभीर कैसे हो गया कि कारोबारी ने यह आत्मघाती कदम उठा लिया।
पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच में जुटी हुई है।

उत्तराखंड