खबरें शेयर करें -

विधायक की गिरफ्तारी को लेकर कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन
“दबंगई नहीं चलेगी” — बर्खास्तगी और गिरफ्तारी की मांग, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन!
दर्पण न्यूज 24/7
लालकुआं। शिक्षा विभाग के अधिकारी पर हुए कथित हमले के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा विधायक उमेश शर्मा काऊ की गिरफ्तारी की मांग को लेकर लालकुआं तहसील परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए तहसीलदार के माध्यम से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन भेजा।
कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि संबंधित विधायक को तत्काल पद से बर्खास्त कर गिरफ्तार किया जाए। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि प्रदेश में जनप्रतिनिधियों की दबंगई लगातार बढ़ रही है और कानून व्यवस्था पूरी तरह सवालों के घेरे में है।
नगर कांग्रेस अध्यक्ष भुवन पांडे के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता तहसील पहुंचे और सरकार के खिलाफ विरोध जताया। इसके बाद तहसीलदार पूजा शर्मा को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष राहुल चिमवाल ने कहा कि देहरादून में शिक्षा विभाग के अधिकारी के साथ हुई मारपीट लोकतंत्र पर सीधा हमला है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासन में हिंसा और दबाव की राजनीति को बढ़ावा मिल रहा है, जिसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।
वहीं वरिष्ठ कांग्रेस नेता हेमवती नंदन दुर्गापाल ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की शांत छवि को इस प्रकार की घटनाएं धूमिल कर रही हैं। यदि जनप्रतिनिधि ही अधिकारियों को धमकाने लगें तो आम जनता की सुरक्षा पर गंभीर प्रश्न खड़े हो जाते हैं।
कांग्रेस पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष कुंदन मेहता ने कहा कि जनता विकास के लिए प्रतिनिधि चुनती है, न कि प्रशासन पर दबाव बनाने या हाथापाई करने के लिए। उन्होंने चेतावनी दी कि दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को प्रदेशव्यापी रूप दिया जाएगा।
कांग्रेस वक्ताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश में अपराध, महिला उत्पीड़न और कानून व्यवस्था की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं तथा सत्ता संरक्षण के कारण अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। नेताओं ने मांग की कि शिक्षा निदेशक को न्याय दिलाते हुए दोषी विधायक पर कठोर कार्रवाई की जाए।
प्रदर्शन में वरिष्ठ कांग्रेसी नेता उमेश कबड़वाल, सईद अहमद, बीना जोशी, अमजद खान, रविशंकर तिवारी, पुष्कर दानू, गुरदयाल मेहरा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आने वाले दिनों में पूरे प्रदेश में उग्र आंदोलन शुरू किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी!

उत्तराखंड