ब्रेकिंग न्यूज़ : ऊधम सिंहनगर में विजिलेंस का बड़ा एक्शन, रिश्वत लेते ASI रंगे हाथ गिरफ्तार!
दर्पण न्यूज 24/7 | संवाददाता
ऊधम सिंहनगर। जनपद ऊधम सिंहनगर में भ्रष्टाचार के खिलाफ सतर्कता विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दिनेशपुर थाने में तैनात एएसआई अनवर अहमद को ₹15,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार आरोपी एएसआई द्वारा बिजली चोरी के मुकदमे को निपटाने के नाम पर शिकायतकर्ता से रिश्वत की मांग की गई थी। मामले की शिकायत मिलने पर सतर्कता सेक्टर हल्द्वानी की टीम ने जाल बिछाया और आरोपी को रिश्वत लेते हुए मौके पर ही दबोच लिया।
विजिलेंस टीम ने कार्रवाई के दौरान ₹15,000 की रिश्वत राशि भी बरामद की है। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंहनगर ने तत्काल प्रभाव से आरोपी एएसआई अनवर अहमद को निलंबित कर दिया है।
विजिलेंस विभाग द्वारा आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई से पुलिस विभाग में मचा हड़कंप, आगे और खुलासों की संभावना।
