








300 नशीले इंजेक्शन के साथ युवक गिरफ्तार!
लालकुआं पुलिस की बड़ी कार्रवाई, नशे के सौदागरों में हड़कंप!
हल्दूचौड़ चौकी प्रभारी शंकर नयाल की सख्ती से तस्करों पर कसा शिकंजा!
दर्पण न्यूज 24/7 संवाददाता!
हल्द्वानी। जनपद को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान के तहत लालकुआं पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 300 अवैध नशीले इंजेक्शन के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से क्षेत्र में नशे के सौदागरों में हड़कंप मच गया है और अवैध कारोबारियों में भय का माहौल देखने को मिल रहा है।
बहुउद्देशीय भवन हल्द्वानी में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जनपदभर में नशा तस्करी के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सीओ लालकुआं अमित कुमार के पर्यवेक्षण तथा कोतवाली प्रभारी ब्रजमोहन सिंह राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
चेकिंग के दौरान सुभाषनगर बैरियर के पास पुलिस टीम ने आरोपी मोहम्मद रफी पुत्र शकील अहमद, निवासी वार्ड-14 उजाला नगर बनभूलपुरा को गिरफ्तार किया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 300 अवैध नशीले इंजेक्शन बरामद किए गए।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशीले इंजेक्शन बहेड़ी फाटक, बरेली निवासी एक व्यक्ति से खरीदकर लाया था। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों की तलाश में जुटी हुई है। आरोपी का पूर्व आपराधिक इतिहास भी सामने आया है तथा उसके विरुद्ध पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है।
हल्दूचौड़ चौकी प्रभारी की सक्रियता बनी बड़ी सफलता
हल्दूचौड़ चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक शंकर नयाल की लगातार प्रभावी कार्रवाईयों से क्षेत्र में नशा तस्करों पर पुलिस का दबाव लगातार बढ़ रहा है। उनकी सख्त निगरानी और सक्रिय पुलिसिंग से स्पष्ट संदेश गया है कि लालकुआं क्षेत्र में नशे का कारोबार करने वालों के लिए अब कोई जगह नहीं बची है।
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम
उपनिरीक्षक शंकर नयाल, कांस्टेबल गणेश गिरी, कुबेर राणा, संतोष बिष्ट एवं भूपेंद्र ज्येष्ठा ने अभियान को सफल बनाया।
हल्दूचौड चौकी प्रभारी शंकर नयाल की इस कार्रवाई को नशे के खिलाफ निर्णायक प्रहार माना जा रहा है, जिससे युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने की मुहिम को नई मजबूती मिली है।
