खबरें शेयर करें -

हाईवे पर हादसा: होली मिलन से लौट रहे रेस्टोरेंट व्यवसायी को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर!
वरिष्ठ पत्रकार व मंदिर के प्रधान पुजारी बने देवदूत, पहुंचाया अस्पताल!
दर्पण न्यूज 24/7 लालकुआं। हल्दूचौड़ स्थित होली मिलन समारोह से वापस लालकुआं लौट रहे नगर के प्रमुख रेस्टोरेंट व्यवसायी गंभीर सड़क हादसे का शिकार हो गए। आईओसी डिपो के सामने हाईवे पर अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े।
बताया जा रहा है कि वार्ड नंबर-1 तहसील कार्यालय मुख्य द्वार निवासी करीब 50 वर्षीय रेस्टोरेंट व्यवसायी ललित भट्ट बीती शाम हल्दूचौड़ में आयोजित होली मिलन समारोह में शामिल होकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया।
हादसे के बाद घायल अवस्था में सड़क के बीच पड़े ललित भट्ट को हाईवे से गुजर रहे वरिष्ठ पत्रकार रमाकांत पंत तथा मां अवंतिका कुंज देवी मंदिर के प्रधान पुजारी पंडित चंद्रशेखर जोशी ने देखा। दोनों ने बिना देर किए मानवता का परिचय देते हुए उन्हें सुरक्षित सड़क किनारे पहुंचाया और तत्काल उन्हें लालकुआं के एक निजी चिकित्सालय पहुंचाया।
चिकित्सकों के अनुसार हादसे में उनके सिर, चेहरे तथा हाथ-पांव में गंभीर चोटें आई हैं और उनका उपचार जारी है।
नगर के प्रतिष्ठित व्यवसायी के अचानक दुर्घटना में घायल होने की सूचना मिलते ही क्षेत्र में चिंता का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों एवं व्यापारियों ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
समय रहते मदद मिलने से एक बड़ी अनहोनी टल गई, वहीं पत्रकार और पुजारी की तत्परता की नगरभर में सराहना की जा रही है।

उत्तराखंड