खबरें शेयर करें -

होली पर लालकुआं में खूनी संघर्ष, धारदार हथियार से हमला; बचाव में आए युवक का अंगूठा कटा!
दर्पण न्यूज 24/7 संवाददाता लालकुआं (नैनीताल)। होली पर्व के दौरान लालकुआं क्षेत्र में दुकान खोलने के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। आरोप है कि कुछ लोगों ने घर में घुसकर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिसमें बचाव करने आए युवक का अंगूठा कट गया। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पीड़ित पक्ष ने कोतवाली लालकुआं में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
बिंदुखत्ता निवासी प्रेम प्रकाश ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि होली के दिन वह अपने चाचा के घर मौजूद थे। इसी दौरान कंचन पाण्डे, मुन्ना पाण्डे, हरीश पाण्डे, राहुल बिष्ट समेत अन्य लोग वहां पहुंचे और जबरन दुकान खोलने का दबाव बनाने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए धारदार हथियार से हमला कर दिया।
हमले के दौरान जब उनके जमाई सागर आर्य बीच-बचाव करने पहुंचे तो आरोपियों ने उन पर भी हमला कर दिया, जिससे उनका अंगूठा कट गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के बाद मेडिकल परीक्षण कराया गया।
पीड़ित का आरोप है कि आरोपी पहले से रंजिश रखते थे और सुनियोजित तरीके से हमला करने आए थे। घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
जांच के बाद होगी सख्त कार्रवाई : पुलिस
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक बृज मोहन राणा ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हुई है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है तथा पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

उत्तराखंड