खबरें शेयर करें -

विधानसभा सत्र को लेकर प्रशासन सख्त: 9 से 13 मार्च तक अधिकारियों की छुट्टियां रद्द, मुख्यालय छोड़ने पर रोक!
दर्पण न्यूज 24/7 संवाददाता रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड में आगामी उत्तराखंड विधानसभा बजट सत्र 2026 को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। इसी क्रम में रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने सत्र अवधि के दौरान अधिकारियों की छुट्टियों पर रोक लगाने के आदेश जारी किए हैं।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि 9 मार्च से 13 मार्च तक होने वाले विधानसभा सत्र के दौरान कोई भी जनपद स्तरीय अधिकारी मुख्यालय नहीं छोड़ेगा। यह सत्र विधानसभा भवन गैरसैंण में आयोजित किया जाएगा।
डीएम ने कहा कि विधानसभा सत्र के दौरान पूछे जाने वाले प्रश्नों के उत्तर तैयार रखने और उससे जुड़े अन्य आवश्यक कार्यों को समय पर पूरा करने के लिए सभी अधिकारियों की मुख्यालय में उपस्थिति अनिवार्य की गई है।
उन्होंने आदेश जारी करते हुए कहा कि अत्यंत विषम परिस्थितियों को छोड़कर किसी भी अधिकारी का अवकाश स्वीकृत नहीं किया जाएगा। साथ ही सभी अधिकारी और कर्मचारी कार्यालय समय के बाद भी मुख्यालय में या दूरभाष के माध्यम से उपलब्ध रहेंगे, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तुरंत संपर्क किया जा सके।
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए हैं कि विभिन्न राजनीतिक दलों और संगठनों द्वारा जनप्रतिनिधियों के माध्यम से उठाए जाने वाले संभावित मुद्दों की पहले से तैयारी कर ली जाए, ताकि विधानसभा में पूछे जाने वाले प्रश्नों का सटीक और समय पर जवाब दिया जा सके।
प्रशासन की इस सख्ती से साफ है कि विधानसभा सत्र के दौरान शासन-प्रशासन किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं चाहता और सभी विभागों को पूरी तैयारी के साथ अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं।

उत्तराखंड