खबरें शेयर करें -

“थानों की भी लगती है बोली?” सदन में गूंजा सुमित हृदयेश का आरोप ! देखें क्या बोले हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश!

खनन क्षेत्रों की पोस्टिंग पर उठाए गंभीर सवाल, बोले—पैसे देकर आएंगे तो सुरक्षा कैसे करेंगे!
दर्पण न्यूज 24/7 ब्यूरो
गैरसैंण। उत्तराखंड विधानसभा के बजट सत्र के दौरान सुमित हृदयेश ने पुलिस विभाग की तैनाती व्यवस्था पर तीखा सवाल उठाते हुए सदन में सनसनीखेज आरोप लगाए। हल्द्वानी विधायक ने कहा कि प्रदेश में कई थानों और चौकियों की पोस्टिंग को लेकर अंदरखाने ‘रेट’ तय होने की चर्चा आम है और यह बात किसी से छिपी नहीं है।
सदन में बोलते हुए उन्होंने कहा कि यह रेट कहीं लिखित रूप में या सार्वजनिक तौर पर प्रकाशित नहीं होती और न ही सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी मिलती है, लेकिन विभाग और आम लोगों के बीच यह चर्चा रहती है कि किस जिले का कौन-सा थाना ‘नंबर एक’ और कौन-सा ‘नंबर दो’ माना जाता है।
विधायक ने विशेष रूप से रामनगर क्षेत्र का जिक्र करते हुए कहा कि नैनीताल जिले में सबसे अधिक खनन इसी क्षेत्र में होता है और वहां की तैनाती को लेकर भी तरह-तरह की चर्चाएं सामने आती रहती हैं।
सुमित हृदयेश ने कहा कि जब कोई अधिकारी या कर्मचारी पैसे देकर किसी थाने या चौकी में पहुंचता है तो वह निष्पक्ष रूप से कानून-व्यवस्था और जनता की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित करेगा। उन्होंने इसे व्यवस्था के लिए बेहद गंभीर और चिंताजनक स्थिति बताया।
विधायक ने सरकार से मांग की कि पुलिस विभाग में तैनाती की प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया जाए और यदि इस तरह की शिकायतें सामने आती हैं तो उनकी निष्पक्ष जांच कराई जाए, ताकि व्यवस्था पर जनता का भरोसा कायम रह सके।

उत्तराखंड