खबरें शेयर करें -

लालकुआं में फलफूल रहा अवैध कच्ची शराब का कारोबार, पुलिस सक्रिय लेकिन आबकारी विभाग मूकदर्शक!
दर्पण न्यूज 24/7 लालकुआं।
लालकुआं कोतवाली क्षेत्र में अवैध कच्ची शराब का कारोबार तेजी से पैर पसारता जा रहा है। हैरानी की बात यह है कि जहां एक ओर कोतवाली पुलिस लगातार कार्रवाई करते हुए शराब माफियाओं पर शिकंजा कस रही है, वहीं दूसरी ओर आबकारी विभाग पूरे मामले में मूकदर्शक बना हुआ नजर आ रहा है।
पिछले कुछ समय में लालकुआं पुलिस ने कई स्थानों पर छापेमारी कर भारी मात्रा में कच्ची शराब बरामद की है और कई आरोपियों को गिरफ्तार भी किया है। इसके बावजूद अवैध शराब का कारोबार रुकने का नाम नहीं ले रहा। सवाल यह उठ रहा है कि आखिर इतनी बड़ी मात्रा में कच्ची शराब बन कहां रही है और इसका नेटवर्क किसके संरक्षण में चल रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है तो आबकारी विभाग की जिम्मेदारी भी बनती है कि वह इस अवैध कारोबार की जड़ों तक पहुंचे और शराब बनाने वाले ठिकानों को चिन्हित कर पूरी तरह से ध्वस्त करे। लेकिन आबकारी विभाग की निष्क्रियता कई सवाल खड़े कर रही है।
जानकारों का मानना है कि अवैध कच्ची शराब का यह कारोबार किसी छोटे स्तर का नहीं बल्कि एक संगठित नेटवर्क के रूप में संचालित हो रहा है। ऐसे में केवल छोटे-मोटे तस्करों की गिरफ्तारी से इस पर रोक लगाना संभव नहीं है। इसके लिए शराब बनाने के अड्डों तक पहुंचकर पूरी चेन को तोड़ना जरूरी है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है तो आबकारी विभाग अपनी जिम्मेदारी से क्यों मुंह मोड़ रहा है? क्या विभाग को इन शराब माफियाओं की जानकारी नहीं है या फिर किसी कारणवश कार्रवाई से बचा जा रहा है।
यदि समय रहते इस अवैध कारोबार पर सख्त अंकुश नहीं लगाया गया तो इससे न केवल कानून-व्यवस्था पर असर पड़ेगा बल्कि जहरीली शराब से किसी बड़े हादसे की आशंका भी बनी रहेगी। अब देखना यह होगा कि आबकारी विभाग कब जागता है और इस अवैध उद्योग को जड़ से खत्म करने के लिए ठोस कार्रवाई करता है।
— दर्पण न्यूज 24/7

उत्तराखंड