खबरें शेयर करें -

फायर सीजन शुरू होते ही वन विभाग अलर्ट, आग लगाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई!
दर्पण न्यूज 24/7 |हल्द्वानी
प्रदेश में फायर सीजन की शुरुआत होते ही वन विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है। जंगलों में आग की घटनाओं को रोकने के लिए विभाग ने सख्त कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। कई क्षेत्रों में कर्मचारियों की छुट्टियों पर रोक लगा दी गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
तराई पूर्वी वन प्रभाग भी इसको लेकर पूरी तरह अलर्ट मोड में है। वनों को आग से सुरक्षित रखने के लिए फायर वॉचरों की तैनाती कर दी गई है और सभी रेंजों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
गौला रेंज के उप प्रभागीय वन अधिकारी अनिल कुमार जोशी ने अपने कार्यालय में पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि डिवीजन स्तर पर आग की घटनाओं को रोकने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रमुख वन संरक्षक रजनीश कुमार मिश्रा के निर्देश पर सभी रेंजों में सतर्कता बढ़ा दी गई है।
उन्होंने कहा कि हर बीट में फायर वॉचरों की तैनाती की गई है, जो आग लगने की सूचना देने के साथ-साथ शुरुआती स्तर पर आग बुझाने का प्रयास भी करेंगे। इसके अलावा जंगलों में लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है और सभी रेंजों में क्रू स्टेशन स्थापित किए गए हैं।
वन अधिकारी ने बताया कि फायर लाइन का कार्य पूरा कर लिया गया है, जिससे आग को फैलने से रोका जा सके। साथ ही आग बुझाने के उपकरण और संसाधनों को भी पूरी तरह दुरुस्त कर लिया गया है।
उन्होंने यह भी कहा कि वनाग्नि की रोकथाम में जनभागीदारी बेहद जरूरी है। इसके लिए ग्राम पंचायतों, फील्ड स्तर और स्कूलों में जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं।
अंत में उन्होंने आम जनता से अपील की कि जंगलों में आग न लगाएं और अगर कहीं आग लगती दिखे तो तुरंत वन विभाग को सूचित करें, ताकि समय रहते आग पर काबू पाया जा सके।
वन विभाग ने साफ किया है कि यदि कोई व्यक्ति जंगल में आग लगाते हुए पाया जाता है, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

उत्तराखंड