खबरें शेयर करें -

दर्पण न्यूज 24/7 | ब्यूरो रिपोर्ट
विश्व वानिकी दिवस पर गूंजा पर्यावरण संरक्षण का संदेश, वन्यजीव सुरक्षा पर दिया जोर!
कॉर्बेट से बागेश्वर तक जागरूकता कार्यक्रम, पौधरोपण और स्वच्छता अभियान से लोगों को किया प्रेरित!
रामनगर/बागेश्वर/नैनी जागेश्वर। विश्व वानिकी दिवस के अवसर पर उत्तराखंड के विभिन्न क्षेत्रों में वन संरक्षण, वन्यजीव सुरक्षा और पर्यावरण संतुलन को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाए गए।
कार्बेट टाइगर रिजर्व के अंतर्गत रिगोरा चौकी पर कार्यक्रम उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया। विजरानी रेंज अधिकारी नवीन पाण्डेय की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में जिम कॉर्बेट नेचर गाइड एसोसिएशन के अध्यक्ष विनोद बुधानी एवं वेस्ट वॉरियर टीम ने विशेष सहभागिता की।
कार्यक्रम में वन्यजीवों की सुरक्षा, वनों के संरक्षण, पर्यावरण संतुलन और स्वच्छता के महत्व पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि जंगल और वन्यजीव मानव जीवन की आधारशिला हैं और इनके संरक्षण की जिम्मेदारी हम सभी की है।
इस दौरान फलदार पौधों का रोपण किया गया तथा रिगोरा गेट क्षेत्र में वन विभाग, नेचर गाइड्स, वेस्ट वॉरियर टीम और स्थानीय ग्रामीणों ने मिलकर स्वच्छता अभियान चलाया।
वहीं बागेश्वर जिले में सरस्वती शिशु मंदिरों एवं ग्राम पंचायतों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर छात्र-छात्राओं और ग्रामीणों को वनों के महत्व, जैव विविधता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। अधिकारियों ने वनों में आग न लगाने और अधिकाधिक पौधरोपण करने की अपील की।
नैनी जागेश्वर क्षेत्र में भी वन विभाग द्वारा विद्यालय परिसर में कार्यक्रम आयोजित कर छात्रों के साथ जागरूकता रैली निकाली गई। “पेड़ लगाओ, पर्यावरण बचाओ” और “वन हैं तो जीवन है” जैसे नारों के साथ लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रमों के अंत में सभी प्रतिभागियों ने वनों की रक्षा, स्वच्छता बनाए रखने और पर्यावरण संतुलन को बनाए रखने का संकल्प लिया। इन आयोजनों से पूरे क्षेत्र में जागरूकता और सकारात्मक ऊर्जा का माहौल देखने को मिला।

उत्तराखंड