विजयपुर की आवाज बने अर्जुन-लीला, जनता के हक की लड़ाई में प्रशासन को दी खुली चेतावनी।
दर्पण न्यूज 24/7
हल्द्वानी। गौलापार के विजयपुर गांव में पुल निर्माण की मांग अब जनआक्रोश में बदलती जा रही है। वर्षों से उपेक्षा झेल रहे ग्रामीणों की आवाज बनकर उभरी अर्जुन बिष्ट और जिला पंचायत सदस्य लीला बिष्ट की जोड़ी ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
एसडीएम कोर्ट पहुंचे ग्रामीणों के बीच अर्जुन और लीला का तेवर बेहद आक्रामक दिखाई दिया। दोनों नेताओं ने साफ शब्दों में कहा कि जनता ने उन्हें सिर्फ चुनाव जिताने के लिए नहीं, बल्कि हक की लड़ाई लड़ने के लिए चुना है और जब तक विजयपुर में पुल निर्माण शुरू नहीं होता, संघर्ष लगातार जारी रहेगा।
अर्जुन बिष्ट ने कहा कि बरसात में विजयपुर गांव टापू बन जाता है, लेकिन वर्षों से केवल आश्वासन दिए गए। उन्होंने आरोप लगाया कि शिलान्यास के बाद भी निर्माण कार्य शुरू न होना जनता के साथ छल है।
वहीं जिला पंचायत सदस्य लीला बिष्ट ने दो टूक कहा कि यदि एक सप्ताह के भीतर पुल निर्माण को लेकर ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो ग्रामीणों के साथ उग्र आंदोलन और भूख हड़ताल शुरू की जाएगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
ग्रामीणों का कहना है कि जिला पंचायत चुनाव में मिली प्रचंड जीत के बाद अर्जुन और लीला लगातार सड़क, पानी, शिक्षा और पुल जैसी मूलभूत समस्याओं को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। यही वजह है कि अब यह लड़ाई सिर्फ पुल की नहीं, बल्कि गौलापार की उपेक्षित जनता के सम्मान और अधिकारों की लड़ाई बन चुकी है।
