चार साल के जश्न पर गैस संकट का साया: सरकार के दावों की खुली पोल, यशपाल आर्य का तीखा हमला!
“रसोई गैस के लिए दर-दर भटक रही जनता, सिस्टम पूरी तरह फेल”!
दर्पण न्यूज 24/7 हल्द्वानी!
उत्तराखंड में सरकार के चार साल पूरे होने पर जहां जश्न की तैयारियां जोरों पर हैं, वहीं दूसरी ओर प्रदेश में गहराता रसोई गैस संकट सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने इस मुद्दे को लेकर सरकार पर जोरदार हमला बोला है।
आर्य ने कहा कि प्रदेश में गैस वितरण प्रणाली पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है, जबकि सरकार लगातार यह दावा कर रही है कि स्थिति नियंत्रण में है। उन्होंने इन दावों को “झूठा और भ्रामक” बताते हुए कहा कि असलियत यह है कि आम जनता रसोई गैस के लिए दर-दर भटकने को मजबूर है।
उन्होंने सरकार की कार्यशैली को “लचर और संवेदनहीन” बताते हुए कहा कि यह केवल अव्यवस्था नहीं, बल्कि शासन की नाकामी का जीता-जागता उदाहरण है। आर्य ने मांग की कि प्रदेश में गैस आपूर्ति की वास्तविक स्थिति को तुरंत सार्वजनिक किया जाए ताकि सच्चाई सामने आ सके।
साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि गैस संकट के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, अन्यथा यह समस्या और विकराल रूप ले सकती है।
एक ओर जश्न की तैयारियां और दूसरी ओर जनता की रसोई ठंडी—यह विरोधाभास सरकार के दावों और जमीनी हकीकत के बीच की खाई को साफ उजागर कर रहा है। अब देखना होगा कि सरकार इस गंभीर संकट पर कब और कैसे ठोस कदम उठाती है।
