आबकारी विभाग पर उठे सवाल: 71 पाउच कच्ची शराब के साथ युवक गिरफ्तार, पुलिस कार्रवाई से खुली पोल!
दर्पण न्यूज 24/7 लालकुआं।
जनपद में अवैध शराब के खिलाफ चल रहे अभियान के बीच एक बार फिर आबकारी महकमे की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो गए हैं। जहां एक ओर पुलिस लगातार कार्रवाई कर अवैध शराब तस्करों पर शिकंजा कस रही है, वहीं दूसरी ओर आबकारी विभाग की निष्क्रियता साफ नजर आ रही है।
कोतवाली लालकुआं पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान एक युवक को गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे से 71 पाउच कच्ची शराब बरामद की। आरोपी की पहचान बाबू राम निवासी ऊधम सिंह नगर के रूप में हुई है, जिसे वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई, जिसमें पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए बिन्दुखत्ता क्षेत्र के इमलीघाट के पास गौला नदी किनारे संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। खास बात यह रही कि पुलिस को देखते ही आरोपी भागने लगा, जिससे उसके इरादे साफ हो गए।
लगातार हो रही बरामदगियों ने यह बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर इतनी बड़ी मात्रा में कच्ची शराब क्षेत्र में पहुंच कैसे रही है? क्या आबकारी विभाग की निगरानी पूरी तरह फेल हो चुकी है या फिर कहीं न कहीं मिलीभगत की बू आ रही है?
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से कच्ची शराब का कारोबार फल-फूल रहा है, लेकिन जिम्मेदार विभाग इस ओर गंभीर नजर नहीं आ रहा। नतीजा यह है कि पुलिस को बार-बार मोर्चा संभालना पड़ रहा है।
इस पूरे मामले ने साफ कर दिया है कि जहां पुलिस अपना काम बखूबी कर रही है, वहीं आबकारी विभाग की भूमिका सवालों के घेरे में है। अगर समय रहते ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो अवैध शराब का यह नेटवर्क और गहराता जाएगा।
अगर आबकारी महकमा अब भी नहीं जागा, तो आने वाले समय में यह समस्या और विकराल रूप ले सकती है जिसकी कीमत आम जनता को चुकानी पड़ेगी।
