खबरें शेयर करें -

खिरखेत इंटर कॉलेज में एन एस एस शिविर का भव्य समापन, सेवा-संस्कार का संदेश लेकर लौटे स्वयंसेवक ।
दर्पण न्यूज 24/7 रानीखेत, संवाददाता गोपाल नाथ गोस्वामी।
खिरखेत इंटर कॉलेज, रानीखेत में आयोजित राष्ट्रीय सेवा योजना (एन एस एस) का दस दिवसीय विशेष शिविर आज गरिमामय एवं प्रेरणादायी माहौल में संपन्न हो गया। पूरे शिविर के दौरान विद्यार्थियों ने सेवा, अनुशासन, प्रकृति संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी का व्यवहारिक प्रशिक्षण प्राप्त किया, जिसका समापन समारोह भावनात्मक और उत्साहपूर्ण रहा।
समापन समारोह में प्रधानाचार्य चंद्रशेखर एवं राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय रानीखेत की अंग्रेजी विभाग की प्राध्यापिका डॉ. निधि पांडे मुख्य रूप से उपस्थित रहीं। उन्होंने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि NSS केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जीवन को सही दिशा देने वाला मंच है, जो युवाओं को जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा देता है। उन्होंने विद्यार्थियों की मेहनत और सेवा भावना की सराहना की।
शिविर के दौरान आयोजित विभिन्न गतिविधियों और प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्वयंसेवकों को सम्मानित किया गया। कैंप कमांडर दीक्षांत कुमार आर्य एवं वैष्णवी मेहरा के नेतृत्व में शिविर का सफल संचालन हुआ।
सर्वश्रेष्ठ स्वयंसेवक (बालक वर्ग) का पुरस्कार दीक्षांत कुमार आर्य तथा बालिका वर्ग में वैष्णवी मेहरा को प्रदान किया गया। पुरस्कार प्राप्त करते समय विद्यार्थियों का उत्साह और आत्मविश्वास देखने लायक था।
कार्यक्रम में पूर्व एवं वर्तमान छात्रसंघ पदाधिकारी, शिक्षकगण, कर्मचारी और ग्रामवासी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने इस प्रकार के शिविरों को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक बताया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. बबीता कांडपाल एवं डॉ. रेखा भट्ट ने प्रभावशाली ढंग से किया। वहीं, डॉ. सत्यामित्र सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन देते हुए सभी सहयोगियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
अंत में राष्ट्रगान और सामूहिक संकल्प के साथ शिविर का समापन हुआ। यह शिविर विद्यार्थियों को सेवा, सहयोग, अनुशासन और आत्मनिर्भरता का संदेश देकर एक उज्ज्वल भविष्य की दिशा में प्रेरित कर गया।

उत्तराखंड