खबरें शेयर करें -

“सब ठीक है” के दावे और हकीकत की दरकती परतें
“हुकूमत कहे सब खैर है, मगर सड़कों पे बेचैनी क्यों है,
अगर भरपूर है हर चीज, तो फिर ये अफवाहों की रवानी क्यों है…”!
दर्पण न्यूज 24/7 नैनीताल ! जनपद में गैस, पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति को लेकर प्रशासन भले ही पूरी तरह आश्वस्त नजर आ रहा हो, लेकिन ज़मीनी हकीकत इन दावों पर कई सवाल खड़े कर रही है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल का कहना है कि जनपद में किसी भी तरह की कमी नहीं है और सभी गैस एजेंसियों—भारत, एचपी और इंडेन—में पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है।
प्रशासन की ओर से यह भी दावा किया गया कि सप्लाई चेन की लगातार निगरानी हो रही है और लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। मगर दूसरी ओर शहर और कस्बों में उपभोक्ताओं की लंबी प्रतीक्षा, बार-बार बुकिंग के बावजूद सिलेंडर की देरी और पेट्रोल पंपों पर अचानक बढ़ती भीड़ इन दावों की सच्चाई पर सवाल खड़े कर रही है।
“कागजों में सब दुरुस्त है, फाइलों में बहार है,
पर आम आदमी की रसोई में अब भी इंतजार है…”
जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारियों को नियमित जांच के निर्देश दिए हैं और लोगों से अपील की है कि वे गोदामों पर न जाएं, क्योंकि होम डिलीवरी की व्यवस्था सुचारू है। लेकिन हकीकत यह है कि कई इलाकों में उपभोक्ता खुद एजेंसियों के चक्कर काटने को मजबूर हैं।
गैस बैकलॉग के आंकड़े भी अपने आप में कहानी कह रहे हैं—विगत सप्ताह 40 हजार का बैकलॉग अब 25 हजार पर आने का दावा किया गया है। यानी समस्या खत्म नहीं हुई, सिर्फ कम हुई है।
“कुछ कम हुआ है दर्द, मगर खत्म अभी नहीं,
सिस्टम में सुधार है, पर राहत अभी नहीं…”
पेट्रोल-डीजल को लेकर भी प्रशासन ने साफ किया है कि पर्याप्त आपूर्ति है और लोगों को जरूरत से ज्यादा स्टॉक नहीं करना चाहिए। लेकिन बीते दिनों में कई जगहों पर अचानक बढ़ी भीड़ और ‘पहले भरवा लो’ की मानसिकता यह संकेत दे रही है कि लोगों का भरोसा पूरी तरह कायम नहीं हो पाया है।
प्रशासन भले ही अफवाहों से बचने की अपील कर रहा हो, लेकिन सवाल यह है कि अगर हालात पूरी तरह सामान्य हैं, तो फिर आम जनता के मन में यह असमंजस क्यों?
“सिर्फ बयान काफी नहीं, भरोसा भी जरूरी है,
हकीकत से मेल खाए, वही तो बात पूरी है…”
जनपद में आपूर्ति को लेकर प्रशासन के दावे मजबूत हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर मौजूद चुनौतियां इन दावों की चमक को फीका कर रही हैं। अब जरूरत सिर्फ आश्वासन की नहीं, बल्कि ऐसी व्यवस्था की है जो हर घर तक बिना रुकावट राहत पहुंचा सके।

उत्तराखंड