खबरें शेयर करें -

नशे में हुड़दंग: चालक से मारपीट, वाहन में तोड़फोड़, दो युवक गिरफ्तार!

दर्पण न्यूज 24/7
हल्द्वानी!
नैनीताल जनपद में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए काठगोदाम क्षेत्र में शराब के नशे में उत्पात मचाने वाले दो युवकों को गिरफ्तार किया है। घटना में प्रयुक्त वाहन को भी पुलिस ने सीज कर दिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में जनपदभर में अराजक तत्वों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत कार्रवाई की जा रही है।
क्या है मामला!
25 मार्च की शाम करीब 7 बजे नरीमन तिराहे के पास कुछ युवक शराब के नशे में एक वाहन चालक से उलझ गए। आरोप है कि युवकों ने चालक के साथ अभद्रता करते हुए मारपीट की और उसकी गाड़ी में तोड़फोड़ कर दी, जिससे क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना पर पहुंची काठगोदाम पुलिस ने मौके का जायजा लिया और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में ले लिया।
गिरफ्तार आरोपी!
पुलिस ने इस मामले में भाष्कर सिंह बिष्ट (23) निवासी पदमपुरी, मुक्तेश्वर और हिमांशु कुमार (25) निवासी नवाबी रोड, हल्द्वानी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस कार्रवाई!
उपनिरीक्षक दिलीप कुमार, प्रभारी चौकी मल्ला काठगोदाम के नेतृत्व में टीम ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 172(2) BNSS के तहत कार्रवाई की। साथ ही घटना में प्रयुक्त वाहन को सीज कर दिया गया है।
सख्त चेतावनी!
नैनीताल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग, मारपीट या संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। ऐसे मामलों में जुर्माना और जेल दोनों का प्रावधान लागू किया जाएगा।
— दर्पण न्यूज 24/7

उत्तराखंड