खबरें शेयर करें -

टुकटुक चालक की संदिग्ध मौत से सनसनी, परिजनों ने जताया हत्या का शक!
दर्पण न्यूज 24/7 लालकुआं। क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई जब 25 वर्षीय एक युवक का संदिग्ध परिस्थितियों में निधन हो गया। युवक पेशे से टुकटुक चालक था और वह स्टेशन तिराहे पर अपने वाहन के भीतर अचेत अवस्था में मिला।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वीआईपी गेट कॉलोनी निवासी मुकेश कुमार (25 वर्ष) सुबह लालकुआं रेलवे स्टेशन तिराहे पर खड़े अपने टुकटुक में बेहोशी की हालत में पाया गया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लालकुआं पहुंचाया, जहां प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. प्रेमलता शर्मा ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक के पिता मजदूरी करते हैं और परिवार में चार भाई व दो बहनें हैं। युवक की असमय मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। बताया जा रहा है कि मुकेश नशे का आदी था और वह पीलिया बीमारी से भी ग्रसित था।
सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने महिला उपनिरीक्षक वंदना चौहान के नेतृत्व में शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए हल्द्वानी भेज दिया।
वहीं देर शाम मृतक के परिजन कोतवाली पहुंचे और मुकेश की मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई। उन्होंने मामले में निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।
इधर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन सिंह राणा का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों की शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।

उत्तराखंड