एक घंटे के लिए थमेगी रौशनी: आज ‘अर्थ ऑवर’ में उत्तराखण्ड होगा शामिल!
दर्पण न्यूज 24/7 देहरादून !
पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आज 28 मार्च 2026 को पूरे उत्तराखण्ड में ‘अर्थ ऑवर’ मनाया जाएगा। इस दौरान रात 8:30 बजे से 9:30 बजे तक एक घंटे के लिए गैर-जरूरी लाइटें बंद रखी जाएंगी।
उत्तराखण्ड शासन के सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव विनोद कुमार सुमन द्वारा जारी आदेश के अनुसार, यह पहल भविष्य की पीढ़ियों के सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य के लिए की जा रही है। यह अभियान WWF India के आह्वान पर आयोजित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण के प्रति लोगों को जागरूक करना है।
शासन ने सभी प्रमुख सचिवों, पुलिस महानिदेशक, मंडलायुक्तों, विभागाध्यक्षों और जिलाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने स्तर पर इस अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें। साथ ही सभी सरकारी कार्मिकों और आम जनता को ‘अर्थ ऑवर’ के दौरान निर्धारित समय में गैर-जरूरी बिजली उपयोग बंद करने के लिए प्रेरित किया जाए।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि यह एक प्रतीकात्मक पहल है, जो जलवायु परिवर्तन जैसी वैश्विक चुनौतियों के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश देती है।
क्या है अर्थ ऑवर?
‘अर्थ ऑवर’ एक वैश्विक अभियान है, जिसमें दुनियाभर के लोग और संस्थाएं एक घंटे के लिए अपनी गैर-जरूरी लाइटें बंद कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हैं।
आप भी बनें इस मुहिम का हिस्सा — आज रात 8:30 से 9:30 बजे तक एक कदम प्रकृति के नाम!
