खबरें शेयर करें -

कालाढुंगी दुग्ध केंद्र में मंत्री खजान दास का भव्य स्वागत, उत्पादकों में दिखा उत्साह!
दर्पण न्यूज 24/7 लालकुआं/कालाढुंगी। नैनीताल आँचल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड के कालाढुंगी स्थित अवशीतन दुग्ध केंद्र में समाज कल्याण मंत्री खजान दास के आगमन पर शनिवार को उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला। दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने मंत्री का फूल-मालाओं के साथ भव्य स्वागत किया।
मंत्री के स्वागत के लिए बड़ी संख्या में दुग्ध उत्पादक केंद्र पर एकत्रित हुए। पूरे परिसर में नारेबाजी और तालियों की गूंज के बीच स्वागत कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिससे माहौल पूरी तरह उत्सवमय हो गया। इस दौरान उपस्थित दुग्ध उत्पादकों के चेहरे पर खुशी और उम्मीद साफ झलक रही थी।
अपने संबोधन में मंत्री खजान दास ने सभी का आभार जताते हुए कहा कि प्रदेश सरकार समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि दुग्ध उत्पादकों की समस्याओं के समाधान और उनके हितों की रक्षा के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है तथा विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है।
कार्यक्रम में पूर्व डायरेक्टर शेखर चंद्र जोशी, प्रशासन/विपणन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी, पी एंड आई सुभाष बाबू, एफओ शांति कोरंगा, मीना रौतेला, बलवंत सिंह भगत, हेमंत पाल, विपिन तिवाड़ी, भगवान सिंह कुमटिया सहित बड़ी संख्या में दुग्ध उत्पादक, अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

उत्तराखंड