राष्ट्रीय स्तर पर गूंजा “अस्मिता वूमेन लीग” का दमदार आगाज़!
दर्पण न्यूज 24/7 रुद्रपुर! शिवालिक वेलोड्रम, रुद्रपुर में रविवार को राष्ट्रीय स्तरीय “अस्मिता वूमेन लीग” साइकिलिंग प्रतियोगिता 2025-26 के दूसरे दिन का आयोजन उत्साह और रोमांच के साथ संपन्न हुआ। देशभर से आई महिला साइकिलिस्टों ने अपने शानदार प्रदर्शन से प्रतियोगिता को यादगार बना दिया।
प्रतियोगिता के दूसरे दिन विभिन्न वर्गों के फाइनल मुकाबले खेले गए, जिसमें खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए पदकों पर कब्जा जमाया। विजेता खिलाड़ियों को उधम सिंह नगर के पुलिस अधीक्षक उत्तम सिंह नेगी, नजारत उप समाहर्ता जुबैक सक्सेना, उत्तराखंड ओलंपिक संघ के महासचिव डीके सिंह तथा जिला खेल अधिकारी जानकी कार्की सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से पुरस्कृत किया।
इस अवसर पर उत्तराखंड साइकलिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष विमल चौधरी, महासचिव दिवेश पांडे, संयुक्त सचिव विजय पाठक के साथ ही साइकिलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के संयुक्त सचिव शैलेंद्र पाठक, नीरज तनवर सहित कई विशिष्ट अतिथि मौजूद रहे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
साइकिलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया और खेलो इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों और जोन से कुल 249 महिला खिलाड़ियों ने भाग लिया। दो दिवसीय इस आयोजन के सफल संचालन में तकनीकी टीम की अहम भूमिका रही, जिसमें तमिलनाडु की एम. गायत्री (तकनीकी अध्यक्ष) और दिल्ली के विजय नारायण सिंह (रेस डायरेक्टर) के नेतृत्व में दर्जनों अधिकारियों ने योगदान दिया।
प्रतियोगिता के समापन पर ओवरऑल ईस्ट जोन चैंपियनशिप का खिताब ईस्ट जोन के नाम रहा।
राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता ने महिला खेल प्रतिभाओं को नया मंच प्रदान करते हुए साइकिलिंग के क्षेत्र में उनकी मजबूत उपस्थिति को भी रेखांकित किया।
