खबरें शेयर करें -

इंदिरा अकैडमी में राष्ट्रीय पाठ्यचर्या कार्यक्रम आयोजित, 35 शिक्षकों ने किया प्रतिभाग।
दर्पण न्यूज 24/7 लालकुआं। इंदिरा अकैडमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल हल्दूचौड़ में गुरुवार को सीबीएसई द्वारा आयोजित कैपेसिटी बिल्डिंग प्रोग्राम के अंतर्गत “नेशनल करिकुलम फ्रेमवर्क फाउंडेशनल स्टेज-2022” विषय पर शिक्षकों के लिए एक दिवसीय कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के कुल 35 शिक्षक-शिक्षिकाओं ने प्रतिभाग कर आधुनिक शिक्षण पद्धतियों की जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्या कमला जोशी, प्रबंधक उमाशंकर जोशी, मोनाड पब्लिक स्कूल की प्रधानाचार्या नेहा भारद्वाज तथा भारतीयम इंटरनेशनल स्कूल की प्रीति अग्रवाल द्वारा संयुक्त रूप से  दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके बाद विद्यार्थियों ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का स्वागत किया।
कार्यक्रम की शुरुआत मीनाक्षी कांडपाल द्वारा की गई। कार्यशाला में विशेष वक्ताओं ने प्रभावी शिक्षण तकनीक, कक्षा प्रबंधन, विद्यार्थियों के मानसिक एवं शैक्षणिक विकास तथा आधुनिक शिक्षा प्रणाली जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की। वक्ताओं ने राष्ट्रीय पाठ्यचर्या ढांचे के अनुरूप शिक्षण विधियों को अपनाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए इसे ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक बताया। अंत में विद्यालय की प्रधानाचार्या कमला जोशी ने सभी प्रतिभागियों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त किया।