








लालकुआं रेलवे स्टेशन के पास कार में मिला टैक्सी चालक का शव, फैली सनसनी!
दर्पण न्यूज 24/7 लालकुआं। नगर के रेलवे स्टेशन स्थित टैक्सी स्टैंड क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक टैक्सी चालक का शव उसकी ही कार में मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है।
जानकारी के अनुसार बागेश्वर नंबर की टैक्सी संख्या UK02TA3059 गुरुवार सुबह काफी देर से टैक्सी स्टैंड पर खड़ी थी। आसपास मौजूद लोगों ने जब वाहन के भीतर कोई हलचल नहीं देखी तो उन्हें संदेह हुआ। लोगों ने पास जाकर देखा तो चालक सीट पर एक व्यक्ति बेसुध हालत में पड़ा मिला। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना पर लालकुआं कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने 108 एंबुलेंस सेवा और फोरेंसिक टीम को भी बुलाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद चालक को मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान मदन राम (42) पुत्र निवासी ग्राम आरे, थाना एवं जिला बागेश्वर के रूप में हुई है। बताया गया कि वह वर्तमान में हल्द्वानी के दमुवाढूंगा क्षेत्र में रहकर टैक्सी चलाता था। मृतक अपने पीछे दो बेटियां और एक पुत्र छोड़ गया है।
घटना के बाद टैक्सी स्टैंड क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। बड़ी संख्या में टैक्सी चालक और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है, जबकि फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए।
सीओ अमित कुमार ने बताया कि पुलिस को कार में एक व्यक्ति के मृत पड़े होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचकर पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जांच पड़ताल की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
