खबरें शेयर करें -

भाजपा को बादाम भेज याद दिलाया लोकायुक्त का वादा!

पुलिस बैरिकेडिंग के बीच प्रदर्शन, कहा- जल्द गठन नहीं हुआ तो आंदोलन होगा तेज!

दर्पण न्यूज 24/7 ब्यूरो : प्रमोद बमेटा, देहरादून

लोकायुक्त गठन के लंबे समय से लंबित वादे को लेकर राष्ट्रवादी रीजनल पार्टी (RRP) ने बुधवार को भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ता भाजपा प्रदेश कार्यालय तक कूच करने निकले, लेकिन पुलिस ने उन्हें बैरिकेडिंग लगाकर पहले ही रोक दिया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने मौके पर धरना देकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

सुबह करीब 10 बजे नेहरू कॉलोनी स्थित फव्वारा चौक से निकले प्रदर्शनकारियों ने “लोकायुक्त दो, वादा निभाओ” जैसे नारे लगाए। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने भाजपा को प्रतीकात्मक रूप से बादाम भेजकर लोकायुक्त गठन का वादा याद दिलाया।

मौके पर पहुंचे नायब तहसीलदार सुरेश सेमवाल ने पार्टी नेताओं से ज्ञापन और बादाम का गिफ्ट हैंपर प्राप्त किया। उन्होंने इसे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट तक पहुंचाने का आश्वासन दिया, जिसके बाद धरना समाप्त कर दिया गया।

RRP के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवप्रसाद सेमवाल ने कहा कि भाजपा ने वर्ष 2017 में 100 दिनों के भीतर लोकायुक्त गठन का वादा किया था, लेकिन नौ वर्ष बीतने के बावजूद इसे लागू नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि पार्टी शांतिपूर्ण तरीके से सरकार को उसका वादा याद दिलाने पहुंची थी।

प्रदेश अध्यक्ष सुलोचना ईष्टवाल ने कहा कि यदि जल्द लोकायुक्त का गठन नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। वहीं उत्तराखंड आंदोलन प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष सुशीला पटवाल ने कहा कि लोकायुक्त के बिना भ्रष्टाचार पर प्रभावी अंकुश संभव नहीं है और आंदोलन की भावना को जिंदा रखते हुए संघर्ष जारी रहेगा।

प्रदर्शन में भगवती प्रसाद नौटियाल, भगवती प्रसाद गोस्वामी, ऊषा डोभाल, अनिल डोभाल, पंकज उनियाल, सुरेंद्र चौहान, बसंती गोस्वामी, योगानंद उनियाल, मीना थपलियाल, रजनी कुकरेती, मंजू रावत, यशोदा रावत, सुमन रावत, शांति चौहान, आशा चौहान, दुर्गा नौटियाल, सत्यप्रकाश गौड़, सुरेशानंद डोभाल, रघुवीर सिंह बिष्ट और शैलेंद्र नेगी समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।