‘रक्तदान महादान’ में उमड़ा सेवा का सैलाब, 230 यूनिट रक्तदान?
संत निरंकारी मिशन के विशाल शिविर में युवाओं ने दिखाई मानवता की मिसाल!
हल्दूचौड़। मानव सेवा को समर्पित संत निरंकारी मिशन के सामाजिक प्रकल्प संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन द्वारा रविवार को पंचायत घर शिव मंदिर, गौला रोड हल्दूचौड़ में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक चले शिविर में 230 रक्तदाताओं ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर मानवता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई।
शिविर का आयोजन सत्गुरु माता सुदीक्षा जी महाराज के पावन आशीर्वाद एवं दिव्य मार्गदर्शन में किया गया। रक्त संग्रहण के लिए सोबन सिंह जीना बेस अस्पताल, राजकीय सुशीला तिवारी अस्पताल एवं रेडक्रॉस सोसायटी हल्द्वानी-नैनीताल की टीमों ने सेवाएं दीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व कैबिनेट मंत्री हरीश दुर्गापाल एवं लालकुआं विधायक मोहन सिंह बिष्ट ने किया। उन्होंने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं है और इस प्रकार के आयोजन समाज को नई दिशा देते हैं।
रक्तदान शिविर के दौरान सुबह 10 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक सत्संग का भी आयोजन किया गया, जिसमें चमोली जोन से पहुंचे ज्ञान प्रचारक महात्मा आदरणीय के.के. सागर जी ने श्रद्धालुओं को मानव सेवा, प्रेम और भाईचारे का संदेश दिया।
हल्दूचौड़ के मुखी पी.एस. बिष्ट ने बताया कि संत निरंकारी मिशन देश और विश्व में रक्तदान अभियानों में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। मिशन द्वारा अब तक 9,189 रक्तदान शिविरों के माध्यम से 15 लाख से अधिक यूनिट रक्त संग्रहित किया जा चुका है।
उन्होंने कहा कि मिशन केवल आध्यात्मिक उत्थान तक सीमित नहीं है, बल्कि रक्तदान, स्वच्छता अभियान, ‘प्रोजेक्ट अमृत’, वृक्षारोपण, महिला एवं बाल विकास, निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं तथा प्राकृतिक आपदाओं में राहत कार्य जैसी अनेक जनकल्याणकारी गतिविधियां भी संचालित कर रहा है।
कार्यक्रम के अंत में मुखी पी.एस. बिष्ट, संयोजक आनंद सिंह नेगी एवं क्षेत्रीय संचालक दीपक वाही ने सभी अतिथियों, रक्तदाताओं, चिकित्सकों एवं सहयोगी टीमों का आभार व्यक्त किया।
