दर्पण न्यूज 24/7 BIG BREAKING
मिडिल ईस्ट युद्ध के बीच प्रधानमंत्री मोदी की देशवासियों से बड़ी अपील।
“घर से काम करें, पेट्रोल-डीजल बचाएं और एक साल तक सोना न खरीदें”।
सिकंदराबाद/नई दिल्ली
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तेलंगाना के सिकंदराबाद में आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए देशवासियों से मौजूदा वैश्विक संकट के दौर में संयम और सहयोग की अपील की। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत के पड़ोस में पिछले दो महीनों से युद्ध चल रहा है, जिसका असर पूरी दुनिया के साथ-साथ भारत पर भी पड़ रहा है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मिडिल ईस्ट में जारी संघर्ष और यूक्रेन युद्ध के कारण अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल, सोना-चांदी और जरूरी वस्तुओं की कीमतों में भारी बढ़ोतरी हो रही है। ऐसे समय में देश को विदेशी मुद्रा बचाने और आत्मनिर्भरता की दिशा में गंभीर कदम उठाने की जरूरत है।
एक साल तक सोना न खरीदने की अपील।
प्रधानमंत्री ने लोगों से भावुक अपील करते हुए कहा कि देशहित में हमें यह संकल्प लेना चाहिए कि अगले एक साल तक घर में शादी, समारोह या अन्य कार्यक्रम होने पर भी सोने के गहनों की खरीदारी से बचें। उन्होंने कहा कि वर्तमान हालात में अनावश्यक आयात को कम करना बेहद जरूरी है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा—
“हमें देशहित में तय करना होगा कि सालभर तक घर में कोई भी कार्यक्रम हो, हम सोने के गहने नहीं खरीदेंगे।”
फिर अपनाएं ‘घर से काम’ व्यवस्था
प्रधानमंत्री ने कोरोना काल का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय देश ने घर से काम करने, ऑनलाइन बैठकों और वीडियो कॉन्फ्रेंस जैसी व्यवस्थाओं को सफलतापूर्वक अपनाया था। अब एक बार फिर जरूरत पड़ने पर ऐसी व्यवस्थाओं को प्राथमिकता देने की आवश्यकता है, ताकि ईंधन की खपत कम हो सके।
उन्होंने कहा कि यदि लोग अनावश्यक यात्रा कम करेंगे और डिजिटल माध्यमों का उपयोग बढ़ाएंगे तो पेट्रोल-डीजल की बचत होगी और देश पर आर्थिक बोझ कम पड़ेगा।
पेट्रोल-डीजल बचाने की अपील।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत के पास पर्याप्त मात्रा में तेल के प्राकृतिक भंडार नहीं हैं और देश को बड़ी मात्रा में तेल आयात करना पड़ता है। ऐसे में युद्ध के कारण बढ़ती कीमतों का सीधा असर भारत की अर्थव्यवस्था पर पड़ रहा है।
उन्होंने लोगों से सार्वजनिक परिवहन का अधिक उपयोग करने, निजी वाहनों का कम इस्तेमाल करने और ईंधन की बचत करने की अपील की।
सरकार उठा रही है बोझ।
प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार कोशिश कर रही है कि बढ़ती वैश्विक कीमतों का पूरा बोझ आम जनता पर न पड़े। उन्होंने बताया कि सरकार किसानों और गरीबों को राहत देने के लिए लगातार काम कर रही है।
उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि दुनिया में जहां खाद की एक बोरी लगभग 3000 रुपये में बिक रही है, वहीं भारत में किसानों को वही खाद 300 रुपये से भी कम कीमत में उपलब्ध कराई जा रही है।
9400 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात।
सिकंदराबाद दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने लगभग 9400 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया। इनमें रेलवे, सड़क, औद्योगिक और आधारभूत ढांचे से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं शामिल हैं।
विपक्ष पर साधा निशाना।
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस पर भी जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने देश में भ्रष्टाचार और परिवारवाद को बढ़ावा दिया, जबकि तृणमूल कांग्रेस ने कांग्रेस और वामपंथ दोनों की बुरी आदतों को अपनाया।
पश्चिम बंगाल चुनाव का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि जनता अब “वंशवाद नहीं, विश्वासवाद” को चुन रही है और यही देश की नई राजनीतिक सोच बनती जा रही है।
दर्पण न्यूज 24/7
“सच्ची खबर, सबसे पहले”
