खबरें शेयर करें -

वाह रे राजनीति! विभाग का रूटीन पैच वर्क और नेताओं में श्रेय लेने की मारामारी।

दर्पण न्यूज 24/7 हल्दूचौड़। बदहाल सड़कों, गड्ढों और धूल से परेशान जनता भले वर्षों से राहत का इंतजार करती रही हो, लेकिन जैसे ही लोक निर्माण विभाग ने रूटीन पैच वर्क शुरू किया, क्षेत्र में अचानक “विकास पुरुषों” की बाढ़ आ गई। हालत यह हो गई कि सड़क पर जितने गड्ढे नहीं थे, उससे ज्यादा लोग श्रेय लेने मैदान में उतर आए।

हल्दूचौड़ मुख्य मार्ग से हनुमान मंदिर तक चल रहे पैच वर्क को लेकर कुछ स्थानीय नेता  मीडिया पर ऐसे सक्रिय हो गए मानो सड़क पर  टल्ले नहीं  बल्कि चारधाम ऑल वेदर रोड उन्हीं के प्रयासों से बन रही हो। फोटो, पोस्ट और बधाइयों की ऐसी बरसात हुई कि जनता भी सोच में पड़ गई कि आखिर विभाग काम कर रहा है या चुनावी ट्रायल चल रहा है।

लेकिन कहानी में ट्विस्ट तब आया जब दर्पण न्यूज 24 /7 की टीम ने लोक निर्माण विभाग खंड हल्द्वानी से जानकारी ली। विभाग के अवर अभियंता विनोद पांडे ने साफ कर दिया कि यह कार्य सरकार के “गड्ढा मुक्त उत्तराखंड” अभियान के तहत विभाग द्वारा रूटीन पैच वर्क मद में कराया जा रहा है।

जेई विनोद पांडे ने दो टूक कहा कि इस कार्य को लेकर किसी भी स्थानीय जनप्रतिनिधि द्वारा न कोई प्रस्ताव दिया गया और न ही कोई आवेदन। यानी जिस काम पर सोशल मीडिया में श्रेय की आतिशबाजी चल रही थी, वह विभाग की नियमित प्रक्रिया निकली।

अब क्षेत्र में लोग चुटकी लेते नजर आ रहे हैं कि “सड़क पर डामर कम और राजनीति ज्यादा बिछाई जा रही है।” कुछ लोग कह रहे हैं कि अगर रूटीन पैच वर्क पर इतना श्रेय लिया जा रहा है तो कल को नाली साफ होने पर भी प्रेस कॉन्फ्रेंस हो सकती है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि जनता टूटी सड़कों से परेशान रही, लेकिन जैसे ही विभाग ने गड्ढों पर पैबंद लगाया, नेताओं ने मौके पर अपनी राजनीति का भी पैच वर्क शुरू कर दिया। विभाग की सफाई के बाद अब श्रेय लेने वालों की सोशल मीडिया पर जमकर किरकिरी हो रही है।