








गंगापुर कबड़वाल ग्रामसभा के भानदेव नवाड़ गांव में अतिक्रमण पर घमासान, ग्रामीणों के विरोध के बाद पूरी ग्रामसभा के सर्वे के निर्देश!
भानदेवनवाड़ गांव पर ही कार्रवाई से भड़के लोग, प्रधान पर ही लगा दिया अतिक्रमण करने का आरोप, विधायक ने दिए निष्पक्ष सर्वे के आदेश!
कल प्रशासन, राजस्व विभाग और लोक निर्माण विभाग की संयुक्त टीम करेगी ग्रामसभा में अतिक्रमण चिन्हित!
दर्पण न्यूज 24/7 लालकुआं। विकास खंड हल्द्वानी की ग्राम पंचायत गंगापुर कबड़वाल के भानदेव नवाड़ गांव में अतिक्रमण के खिलाफ प्रधान द्वारा की जा रही प्रस्तावित कार्रवाई अब बड़ा विवाद बनती जा रही है। भानदेव नवाड़ क्षेत्र में शुरू हो रही कार्रवाई से नाराज ग्रामीणों ने खुलकर विरोध जताते हुए पूरे ग्रामसभा क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग उठा दी है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि कार्रवाई करनी है तो केवल एक क्षेत्र को निशाना बनाने के बजाय पूरे पंचायत क्षेत्र में समान रूप से अतिक्रमण चिन्हित किया जाए। आक्रोशित ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान ललित सनवाल पर भी अतिक्रमण करने के आरोप लगाए और कहा कि पहले वह स्वयं अपना अतिक्रमण हटाएं, उसके बाद अन्य लोगों पर कार्रवाई की जाए।
मामले ने उस समय और तूल पकड़ लिया जब स्थलीय निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों और प्रधान के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। बढ़ते विवाद को देखते हुए मौके पर मौजूद विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट को हस्तक्षेप करना पड़ा।
स्थिति को संभालते हुए विधायक ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्रवाई निष्पक्ष होनी चाहिए और किसी एक क्षेत्र तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने प्रशासन, राजस्व विभाग और लोक निर्माण विभाग की संयुक्त टीम बनाकर पूरे ग्रामसभा क्षेत्र में अतिक्रमण चिन्हित करने के आदेश दिए।
विधायक के निर्देशों के बाद अब गुरुवार को संयुक्त टीम पूरे ग्रामसभा क्षेत्र में सर्वे करेगी। हालांकि, गांव में अभी भी माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है और ग्रामीणों की नजर इस बात पर टिकी है कि कार्रवाई कितनी निष्पक्ष और व्यापक होती है।
