तेंदुए की दस्तक से फैक्ट्री में दहशत, श्रमिकों में भय का माहौल!
प्रेस्ट्रेस स्टील एलएलपी परिसर में तेंदुआ परिवार के डेरा जमाए होने की आशंका!
दर्पण न्यूज 24/7 बाजपुर। विक्रमपुर स्थित प्रेस्ट्रेस स्टील एलएलपी परिसर में लगातार दिखाई दे रही तेंदुए की गतिविधियों ने फैक्ट्री प्रबंधन और श्रमिकों की चिंता बढ़ा दी है। औद्योगिक परिसर के आसपास उगी घनी झाड़ियां और जंगलनुमा क्षेत्र खूंखार वन्यजीवों के लिए सुरक्षित ठिकाना बनते जा रहे हैं, जिसके चलते यहां तेंदुए के परिवार के डेरा जमाए होने की आशंका जताई जा रही है।
फैक्ट्री कर्मचारियों के अनुसार तेंदुआ कई बार प्लांट परिसर, चाहरदीवारी और आसपास के हिस्सों में घूमता दिखाई दे चुका है। विशेषकर देर शाम और रात्रि के समय उसकी मौजूदगी अधिक महसूस की जा रही है, जिससे मजदूरों और स्टाफ के बीच भय का माहौल बना हुआ है। कर्मचारियों का कहना है कि रात्रिकालीन ड्यूटी के दौरान हर समय किसी अप्रिय घटना की आशंका बनी रहती है।
स्थिति को गंभीर मानते हुए कंपनी प्रबंधन ने वन विभाग से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। प्रबंधन का कहना है कि प्लांट परिसर में संचालित गौशाला में करीब एक दर्जन गौवंश मौजूद हैं, जिनकी सुरक्षा को लेकर भी लगातार खतरा बना हुआ है। तेंदुए की बढ़ती गतिविधियों के कारण गौशाला की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ानी पड़ रही है।
कंपनी प्रबंधन ने वन विभाग से क्षेत्र में पिंजरा लगाए जाने अथवा तेंदुए को आबादी और औद्योगिक क्षेत्र से बाहर खदेड़ने के लिए विशेष अभियान चलाने का अनुरोध किया है। साथ ही परिसर और आसपास उगी झाड़ियों की साफ-सफाई कराए जाने की भी मांग उठाई गई है, ताकि वन्यजीवों के छिपने की संभावनाएं कम हो सकें।
स्थानीय लोगों का कहना है कि औद्योगिक और ग्रामीण क्षेत्रों के आसपास बढ़ रही झाड़ियां तथा वन क्षेत्र से नजदीकी के कारण वन्यजीवों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है। लोगों ने वन विभाग से नियमित गश्त बढ़ाने और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि किसी संभावित हादसे को समय रहते टाला जा सके।
