खबरें शेयर करें -

भीषण गर्मी का असर: इस जिले  में सभी स्कूल और आंगनबाड़ी में रहेगा अब हाफ डे।
डीएम  का बड़ा आदेश, 20 मई से एक सप्ताह तक सुबह 7 बजे से 11:30 बजे तक ही संचालित होंगे विद्यालय।
दर्पण न्यूज 24/7 रुद्रपुर। जनपद ऊधम सिंह नगर में लगातार बढ़ती गर्मी और हीट वेव के खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष नितिन सिंह भदौरिया ने जनपद के समस्त आंगनबाड़ी केंद्रों और कक्षा 1 से 12 तक संचालित सरकारी एवं गैर सरकारी विद्यालयों को आगामी एक सप्ताह तक अर्धदिवसीय (हाफ डे) संचालित करने के आदेश जारी किए हैं।
भारत मौसम विज्ञान विभाग, मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून द्वारा जारी पूर्वानुमान में उत्तराखंड के मैदानी क्षेत्रों में भीषण गर्मी और उष्ण लहर (हीट वेव) की संभावना जताई गई है। तापमान में लगातार हो रही वृद्धि को देखते हुए प्रशासन ने बच्चों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया है।
जारी आदेश के अनुसार, 20 मई 2026 से ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित होने तक जनपद के सभी आंगनबाड़ी केंद्र, प्री-नर्सरी, प्राथमिक, उच्च प्राथमिक, माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालय सुबह 7:00 बजे से दोपहर 11:30 बजे तक संचालित किए जाएंगे।
प्रशासन ने विशेष रूप से शिशुओं, छात्र-छात्राओं, गर्भवती एवं धात्री माताओं पर गर्मी के प्रतिकूल प्रभाव को गंभीरता से लेते हुए यह कदम उठाया है। आदेश में कहा गया है कि अत्यधिक तापमान के कारण निर्जलीकरण (डीहाइड्रेशन) समेत अन्य स्वास्थ्य संबंधी खतरे बढ़ सकते हैं।
जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों, विद्यालय प्रबंधन समितियों एवं संस्थान प्रमुखों को निर्देश दिए हैं कि आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही चेतावनी दी गई है कि आदेश की अवहेलना करने वालों के खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 की संबंधित धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन के इस फैसले के बाद अभिभावकों ने राहत की सांस ली है, जबकि शिक्षा विभाग और विद्यालय प्रशासन अब नई समय सारिणी के अनुसार व्यवस्थाएं बनाने में जुट गया है।

उत्तराखंड