“हाईस्पीड बाइक, तमंचा और IPL सट्टा… पुलिस के लिए सिरदर्द बने गिरोह पर शिकंजा”
हल्द्वानी-रुद्रपुर में दो बड़ी कार्रवाइयों से मचा हड़कंप, हिस्ट्रीशीटर चेन स्नेचर और ऑनलाइन सट्टेबाज दबोचे गए।
दर्पण न्यूज 24/7 कुमाऊँ ब्यूरो।
कुमाऊं में अपराध का ग्राफ लगातार नया रूप ले रहा है। कहीं हाईस्पीड सुपरबाइक पर सवार बदमाश महिलाओं को निशाना बना रहे हैं, तो कहीं लग्जरी कारों के भीतर बैठकर IPL मैचों पर लाखों का ऑनलाइन सट्टा खेला जा रहा है। लेकिन इस बार पुलिस ने भी ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए ऐसे अपराधियों की कमर तोड़ने का दावा किया है।
महिला की चेन झपटी, फिर पुलिस ने ऐसे दबोचा शातिर हिस्ट्रीशीटर।
हल्द्वानी के भोटिया पड़ाव क्षेत्र में महिला से चेन स्नेचिंग की वारदात ने लोगों में दहशत फैला दी थी। तुलसी नगर पॉलीशीट काठगोदाम निवासी नीता शाह से बाइक सवार बदमाश ने दिनदहाड़े सोने की चेन झपट ली थी।
घटना के बाद एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर पुलिस और एसओजी की टीम हरकत में आई। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर तंत्र के सहारे पुलिस ने आरोपी तक पहुंच बनाई। आखिरकार पुलिस ने सीबीगंज बरेली निवासी शातिर हिस्ट्रीशीटर आकाश कुमार गौतम को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने उसके कब्जे से छीनी गई सोने की चेन, बिना नंबर प्लेट की अपाचे आरआर 310 बाइक, 315 बोर का अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद किया।
जांच में सामने आया कि आरोपी कोई मामूली अपराधी नहीं, बल्कि कई राज्यों की पुलिस के लिए सिरदर्द बन चुका हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ लूट, चोरी और आर्म्स एक्ट समेत करीब 10 गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। इतना ही नहीं, गुजरात और रुद्रपुर पुलिस के साथ मुठभेड़ में वह पहले भी घायल हो चुका है।
कार के भीतर चल रहा था IPL सट्टे का पूरा ‘कंट्रोल रूम’।
उधर रुद्रपुर के ट्रांजिट कैम्प क्षेत्र में पुलिस ने IPL मैचों पर ऑनलाइन सट्टा लगाने वाले बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है। पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने एक लग्जरी होंडा सिटी कार में बैठे आरोपी को रंगे हाथों दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान दिल्ली निवासी रंजीत सिंह सैनी के रूप में हुई है। पुलिस जब कार के भीतर पहुंची तो वहां पूरा ‘मोबाइल सट्टा ऑफिस’ चलता मिला। लैपटॉप में सट्टेबाजी सॉफ्टवेयर खुला था, जिसमें मैचों का लाइव हिसाब, ग्राहकों की डिटेल, टीम कोड और लेन-देन का रिकॉर्ड मौजूद था।
पुलिस ने मौके से लैपटॉप, पांच महंगे मोबाइल फोन, कैलकुलेटर, चार्जर और 92 हजार रुपये नकद बरामद किए। मोबाइल फोन में सट्टेबाजी से जुड़ी वॉइस रिकॉर्डिंग और ऑनलाइन पेमेंट के स्क्रीनशॉट भी मिले हैं।
पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह सुनसान स्थानों पर कार खड़ी कर IPL मैचों पर ऑनलाइन सट्टा संचालित करता था।
अपराध का बदलता चेहरा, पुलिस के सामने नई चुनौती।
एक ओर महिलाएं सड़क पर चेन स्नेचरों के निशाने पर हैं, तो दूसरी ओर ऑनलाइन सट्टेबाजी का नेटवर्क हाईटेक होता जा रहा है। सुपरबाइक, लग्जरी कार, मोबाइल एप और ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के जरिए अपराधी पुलिस को चुनौती दे रहे हैं।
हालांकि इन दोनों मामलों में पुलिस की कार्रवाई ने यह साफ कर दिया है कि अपराध चाहे सड़क पर हो या इंटरनेट के जरिए, शिकंजा कसना अब शुरू हो चुका है।
