खबरें शेयर करें -

धरा गया इनामी गैंगस्टर ‘गन्नू’, कई थानों में दर्ज हैं आपराधिक मुकदमे!
दर्पण न्यूज 24/7
हल्द्वानी। अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे पुलिस के विशेष अभियान के तहत बनभूलपुरा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। लंबे समय से फरार चल रहे 10 हजार रुपये के इनामी गैंगस्टर ध्रुव शर्मा उर्फ “गन्नू” को पुलिस ने आखिरकार दबोच लिया। आरोपी की गिरफ्तारी रुद्रपुर क्षेत्र से की गई है।
पुलिस मुख्यालय देहरादून के निर्देश पर जिलेभर में फरार और इनामी अपराधियों की धरपकड़ तेज कर दी गई है। इसी क्रम में एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन, एसपी सिटी मनोज कत्याल और सीओ हल्द्वानी अमित सैनी के पर्यवेक्षण में बनभूलपुरा थाना पुलिस ने प्रभारी निरीक्षक दिनेश सिंह फर्त्याल के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की थी।
पुलिस के अनुसार थाना बनभूलपुरा में गैंगस्टर एक्ट के तहत दर्ज मुकदमे में वांछित ध्रुव शर्मा उर्फ गन्नू पुत्र हरीश कुमार शर्मा निवासी बगवाड़ा, डायनिमिक गार्डन सिटी, रुद्रपुर काफी समय से फरार चल रहा था। आरोपी की गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
लगातार दबिश और मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने के बाद पुलिस टीम ने मंगलवार को आरोपी को रुद्रपुर से गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी के खिलाफ बनभूलपुरा, रुद्रपुर और ट्रांजिट कैंप थानों में चोरी समेत कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस अब आरोपी को न्यायालय में पेश करने की तैयारी में जुटी हुई है। गिरफ्तारी अभियान में वरिष्ठ उपनिरीक्षक गगनदीप सिंह और कांस्टेबल महबूब अली की अहम भूमिका रही।

उत्तराखंड