खबरें शेयर करें -

पत्रकार दीप जोशी के छोटे भाई भास्कर  ने बढ़ाया क्षेत्र का मान, एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया में एग्जीक्यूटिव पद पर हुआ चयन।

दर्पण न्यूज 24/7

लालकुआं। बिंदुखत्ता क्षेत्र के होनहार युवा भास्कर जोशी ने अपनी मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के दम पर एक और बड़ी उपलब्धि हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। भास्कर का चयन भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) में एग्जीक्यूटिव (इंजीनियरिंग इलेक्ट्रिकल) पद पर हुआ है। एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया द्वारा जारी नियुक्ति पत्र के बाद क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।

इंद्रानगर-2 बिंदुखत्ता निवासी स्वर्गीय पूरन चंद्र जोशी के पुत्र भास्कर जोशी शुरू से ही मेधावी छात्र रहे हैं। इससे पूर्व उन्होंने गेट परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए 98.33 प्रतिशताइल के साथ ऑल इंडिया में 1132वीं रैंक हासिल की थी, जिसके आधार पर उनका चयन देश के प्रतिष्ठित संस्थान आईआईटी रुड़की में एमटेक के लिए हुआ। उन्होंने सेमीकंडक्टर टेक्नोलॉजी इन इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग विभाग में प्रवेश प्राप्त किया।

भास्कर ने वर्ष 2021 में गोविंद बल्लभ पंत इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी, पौड़ी गढ़वाल से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में बीटेक की पढ़ाई पूरी की। वर्तमान में वह आईआईटी रुड़की से एमटेक कर रहे हैं।

परिजनों के अनुसार बीटेक के बाद भास्कर ने नौकरी की बजाय प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को प्राथमिकता दी। उन्होंने नोएडा में अपने बड़े भाई रोहित जोशी के साथ रहकर बिना किसी कोचिंग के केवल सेल्फ स्टडी के माध्यम से यह मुकाम हासिल किया। उनके बड़े भाई रोहित जोशी नोएडा में टाइम्स ऑफ इंडिया ग्रुप में कार्यरत हैं। वहीं उनके चाचा मोहन चंद जोशी निजी कंपनी में हेड इलेक्ट्रिकल पद से सेवानिवृत्त हो चुके हैं। भास्कर वरिष्ठ पत्रकार दीप चंद्र जोशी के छोटे भाई हैं, जिस कारण पत्रकारिता और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों में भी उनकी इस सफलता को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है।

भास्कर जोशी की इस प्रेरणादायक सफलता पर सांसद अजय भट्ट, विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, पूर्व कैबिनेट मंत्री हरीश चंद्र दुर्गापाल, पूर्व कैबिनेट मंत्री गोविंद सिंह बिष्ट, सेंचुरी पेपर मिल के सीईओ अजय गुप्ता, उपाध्यक्ष नरेश चंद्र, पूर्व विधायक नवीन दुम्का, प्रमोद कॉलोनी, हरेंद्र बोरा, राजेंद्र सिंह खनवाल, चेयरमैन सुरेंद्र लोटनी, हेमवतीनंदन दुर्गापाल, लक्ष्मण खाती सहित अनेक गणमान्य लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।

भास्कर की यह सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा बनकर सामने आई है, जिसने यह साबित कर दिया कि कठिन मेहनत और आत्मविश्वास के बल पर बिना कोचिंग के भी बड़ी सफलता हासिल की जा सकती है।

उत्तराखंड