

सहकारिता में फिर चमका नेगी का नाम, लक्ष्मी दुर्गापाल बनीं उपाध्यक्ष।
क्रय-विक्रय समिति हल्द्वानी के चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न, फूल-मालाओं और मिठाई के साथ मनाया गया जीत का जश्न।
दर्पण न्यूज 24/7 हल्द्वानी। सहकारिता क्षेत्र में शनिवार को हुए क्रय-विक्रय समिति हल्द्वानी के चुनावों में एक बार फिर चंदन सिंह नेगी का दबदबा कायम रहा। निर्वाचन अधिकारी मोहन सिंह नेगी के निर्देशन में संपन्न हुए चुनाव में चंदन सिंह नेगी लगातार दूसरी बार समिति के अध्यक्ष निर्वाचित हुए, जबकि बहुउद्देश्यीय मोटाहल्दू किसान सेवा सहकारी समिति के अध्यक्ष हेम चन्द्र दुर्गापाल की पत्नी लक्ष्मी दुर्गापाल को उपाध्यक्ष चुना गया।
चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। संचालक मंडल के लिए विद्यानंद रूपा रावत, लीला देवी, कला बेलवाल, जगदीश चंद्र, तारा सिंह, मदन मोहन, तेज सिंह, गोविंद मिश्रा, जीवन सिंह और प्रदीप रावत निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए।
नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के स्वागत में समिति परिसर उत्सव स्थल में तब्दील नजर आया। समर्थकों और सहकारिता से जुड़े लोगों ने फूल-मालाएं पहनाकर स्वागत किया तथा मिठाई बांटकर खुशी का इजहार किया।
इस अवसर पर नैनीताल जिला सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष राजेंद्र सिंह नेगी, पूर्व ब्लाक प्रमुख गोपाल नेगी, किसान सेवा सहकारी समिति मोटाहल्दू के अध्यक्ष हेमचंद्र दुर्गापाल, आनंद सिंह दर्मवाल, शिव बहादुर सिंह, प्रकाश बेलवाल, रवींद्र रैकुनी, एडवोकेट पंकज सुयाल और देवेंद्र पोखरिया सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे।
निर्वाचन प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में समिति के सचिव गजेंद्र सिंह पोखरिया, आंकिक विजय शाह, पीतांबर दुर्गापाल और हेमचंद्र दानी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
लक्ष्मी दुर्गापाल के उपाध्यक्ष बनने को सहकारिता क्षेत्र में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी और मोटाहल्दू क्षेत्र के बढ़ते प्रभाव के रूप में भी देखा जा रहा है।
