खबरें शेयर करें -

‘आदि शक्ति माँ अवंतिका’ पुस्तक का भव्य विमोचन, आस्था और संस्कृति की अमूल्य धरोहर को मिला नया स्वरूप।

दर्पण न्यूज 24/7 ब्यूरो लालकुआँ। वरिष्ठ पत्रकार एवं साहित्यकार रमाकान्त पन्त द्वारा रचित आध्यात्मिक पुस्तक ‘आदि शक्ति माँ अवंतिका’ का लालकुआँ स्थित माँ अवंतिका मंदिर में एक गरिमामयी समारोह के दौरान भव्य विमोचन किया गया। सेंचुरी मिल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) अजय कुमार गुप्ता ने पुस्तक का विमोचन कर इसे श्रद्धालुओं एवं समाज को समर्पित किया।
विमोचन से पूर्व क्षेत्रीय सांसद अजय भट्ट ने सपत्नीक पुस्तक का पूजन-अर्चन कर माँ अवंतिका का आशीर्वाद प्राप्त किया। समारोह में धर्म, समाज और उद्योग जगत की कई प्रतिष्ठित हस्तियों ने सहभागिता की।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि रमाकान्त पन्त लंबे समय से आध्यात्मिक, धार्मिक और सांस्कृतिक विषयों पर लेखन कर रहे हैं। इससे पूर्व भी उनकी कई आध्यात्मिक पुस्तकें पाठकों और श्रद्धालुओं के बीच विशेष सराहना प्राप्त कर चुकी हैं। उनकी नवीनतम कृति ‘आदि शक्ति माँ अवंतिका’ माँ अवंतिका की महिमा, इतिहास, लोकमान्यताओं और क्षेत्रीय आस्था को समर्पित एक महत्वपूर्ण दस्तावेज़ है।
सीईओ अजय कुमार गुप्ता ने कहा कि यह पुस्तक केवल एक धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत और आध्यात्मिक चेतना का दर्पण है। वहीं सेंचुरी मिल के उपाध्यक्ष नरेश चन्द्रा ने इसे लालकुआँ क्षेत्र के धार्मिक इतिहास का अमूल्य दस्तावेज़ बताया।
माँ अवंतिका मंदिर समिति के अध्यक्ष लक्ष्मण खाती ने कहा कि पुस्तक के माध्यम से माँ अवंतिका धाम की गौरवशाली परंपरा और आध्यात्मिक महत्व को भावी पीढ़ियों तक पहुँचाने का सराहनीय प्रयास किया गया है।
कार्यक्रम में दिगम्बर अखाड़ा अयोध्या से पधारे बैरागी संत देवदास महाराज, आचार्य पंडित चन्द्रशेखर जोशी, चन्द्रा खाती, गोपाल दत्त जोशी सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि पत्रकारिता के साथ-साथ साहित्य और आध्यात्मिक लेखन के क्षेत्र में रमाकान्त पन्त का योगदान उल्लेखनीय है। उनकी यह नवीन कृति न केवल श्रद्धालुओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी, बल्कि क्षेत्र की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।