खबरें शेयर करें -

हिंदू बनकर युवती को प्रेमजाल में फंसाया, धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने का आरोप; आरोपी गिरफ्तार!
दर्पण न्यूज 24/7 देहरादून। सहसपुर कोतवाली क्षेत्र में एक युवती को कथित तौर पर झूठी पहचान बताकर प्रेमजाल में फंसाने, यौन शोषण करने तथा धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार विकासनगर की पहाड़ी गली निवासी दानिश पर आरोप है कि उसने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर स्वयं को हिंदू बताकर युवती से दोस्ती की। शिकायत में युवती ने आरोप लगाया है कि आरोपी ने शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। बाद में उसकी वास्तविक पहचान सामने आने पर उसने युवती पर मुस्लिम धर्म अपनाने का दबाव बनाना शुरू कर दिया।
पीड़िता का आरोप है कि विरोध करने पर आरोपी ने उसकी निजी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी गई।
कोतवाली प्रभारी प्रदीप सिंह रावत ने बताया कि युवती की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए महिला उपनिरीक्षक सुधा बिष्ट के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को उसके घर के समीप से गिरफ्तार कर लिया।
मंगलवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
सोशल मीडिया पर बढ़ते फर्जी पहचान के मामलों ने एक बार फिर युवाओं की सुरक्षा और ऑनलाइन सतर्कता को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।