खबरें शेयर करें -

दराती के दम पर बेटी और बहन ने गुलदार से छीनी मौत, महिला की बचाई जान!

करन तिवारी, संवाददाता

दर्पण न्यूज 24/7, रामनगर

रामनगर। कॉर्बेट टाइगर रिजर्व से सटे तराई पश्चिम वन क्षेत्र में मंगलवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां घास काटने गई एक महिला पर गुलदार ने अचानक हमला कर दिया। महिला की बहादुर बेटी और बहन ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए दराती दिखाकर गुलदार को खदेड़ दिया और उसकी जान बचा ली।

जानकारी के अनुसार मालधन देवीपुरा निवासी पिंकी अपनी बहन सोनिया और 12 वर्षीय बेटी यशवी के साथ आमपोखरा रेंज के जंगल में घास काटने गई थी। तीनों अलग-अलग स्थानों पर घास काट रही थीं। इसी दौरान घात लगाए बैठे गुलदार ने पीछे से पिंकी पर हमला कर दिया।

अचानक हुए हमले से पिंकी घबरा गई और मदद के लिए जोर-जोर से चीखने लगी। शोर सुनकर गुलदार कुछ क्षण के लिए पीछे हटा, लेकिन उसने दोबारा हमला करने की कोशिश की। तभी पिंकी की बेटी यशवी और बहन सोनिया मौके पर पहुंच गईं। दोनों ने बिना डरे अपनी दरातियां लहराते हुए गुलदार का सामना किया। उनके साहसिक प्रयास से गुलदार जंगल की ओर भाग गया।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल महिला को जंगल से बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। गुलदार के हमले में पिंकी की गर्दन, कान और शरीर के अन्य हिस्सों पर गहरे घाव आए हैं। चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है।

घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और गुलदार की गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाने की मांग की है।

वन विभाग के एसडीओ संदीप गिरी ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लोगों के आवागमन पर एहतियातन रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं। महिला के बयान के आधार पर हमलावर जानवर की पहचान गुलदार के रूप में हुई है। उसकी गतिविधियों पर नजर रखने के लिए कैमरा ट्रैप लगाए जा रहे हैं तथा क्षेत्र में गश्त भी बढ़ा दी गई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि जंगल से सटे क्षेत्रों में गुलदारों की बढ़ती आवाजाही चिंता का विषय बनती जा रही है। वहीं 12 वर्षीय यशवी और उसकी मौसी सोनिया की बहादुरी की पूरे क्षेत्र में सराहना हो रही है, जिन्होंने संकट की घड़ी में साहस दिखाकर एक जीवन बचाने का काम किया।