भारतीय भाषा समर कैंप का रंगारंग समापन, छात्राओं ने दिखाई प्रतिभा की शानदार झलक।
दर्पण न्यूज 24/7 हल्दूचौड़। पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, दौलिया में आयोजित “भारतीय भाषा समर कैंप” का भव्य एवं रंगारंग समापन विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. भारती नारायण भट्ट की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, शिक्षाविदों, अभिभावकों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सैनिक कल्याण समिति के अध्यक्ष बंशीधर पांडे थे। विशिष्ट अतिथियों में ग्राम प्रधान राधा कैलाश भट्ट, बीडीसी सदस्य सोनी पंत, समाजसेवी कैलाश बिरखानी, एसएमसी अध्यक्ष, पीटीए अध्यक्ष एवं संगीत प्रशिक्षक जीवन चंद्र चौपड़ा सहित अनेक अभिभावक उपस्थित रहे। अतिथियों का स्वागत छात्राओं ने विद्यालय बैंड की आकर्षक धुनों के साथ किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना, स्वागत गीत एवं विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ हुआ। समर कैंप के अंतिम दिवस पर छात्राओं ने लोक नृत्य, पंजाबी नृत्य, टंग ट्विस्टर, वर्ड गेम्स, पारंपरिक खेल, अंताक्षरी तथा वर्ड चेन जैसी गतिविधियों में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
प्रधानाचार्या एवं मुख्य अतिथि ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को जलपान भी कराया गया, जिसमें श्रीमती कमला जोशी एवं ममता शर्मा का विशेष सहयोग रहा।
समर कैंप के पांचवें दिवस आयोजित श्रवण कौशल गतिविधि के अंतर्गत देवश्री मनराल, नीता भट्ट एवं कंचन पांडे ने छात्राओं को गढ़वाली भाषा की रोचक एवं प्रेरणादायक कहानियां सुनाईं। वहीं छठे दिवस जया आर्या एवं बीना मेहरा द्वारा ऑडियो-विजुअल माध्यम से भारत की प्रमुख नदियों, पर्वतों एवं ऐतिहासिक स्मारकों की जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर प्रधानाचार्या डॉ. भारती नारायण भट्ट ने छात्राओं एवं अभिभावकों को विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की जानकारी देते हुए मतदाता सूची के अद्यतनकरण के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने सभी से अपने आसपास के लोगों को जागरूक करने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
समर कैंप ने छात्राओं को भाषा, संस्कृति, ज्ञान और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने के साथ-साथ उनके व्यक्तित्व विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम का सफल आयोजन विद्यालय परिवार के सामूहिक प्रयासों का उत्कृष्ट उदाहरण रहा।
फोटो कैप्शन: पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, दौलिया में आयोजित भारतीय भाषा समर कैंप के समापन अवसर पर छात्राओं को पुरस्कृत करते अतिथि एवं प्रधानाचार्या।
