खबरें शेयर करें -

बागेश्वर के विकास कार्यों की प्रगति पर मंडलायुक्त दीपक रावत से मिलीं डीएम अपूर्वा पांडेय।

दर्पण न्यूज 24/7, नैनीताल। बागेश्वर जिले की जिलाधिकारी अपूर्वा पांडेय ने गुरुवार को नैनीताल स्थित कुमाऊं मंडलायुक्त कार्यालय पहुंचकर मंडलायुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान जनपद बागेश्वर में संचालित विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा प्रशासनिक गतिविधियों की प्रगति को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।

बैठक में जिलाधिकारी ने मंडलायुक्त को जिले में चल रही प्रमुख विकास परियोजनाओं, सड़क एवं पेयजल जैसी आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, स्वास्थ्य एवं शिक्षा सेवाओं के सुदृढ़ीकरण तथा शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं के क्रियान्वयन की अद्यतन जानकारी दी। साथ ही जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों और विकास योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट भी प्रस्तुत की।

मंडलायुक्त दीपक रावत ने जिलाधिकारी को निर्देशित किया कि सभी विकास कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए तथा सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने फील्ड स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग बढ़ाने पर भी जोर दिया।

मंडलायुक्त ने कहा कि बागेश्वर जैसे पर्वतीय जिले में आपदा प्रबंधन, स्थानीय आजीविका के संवर्धन तथा पर्यटन आधारित विकास की अपार संभावनाएं हैं, जिन पर विशेष ध्यान दिए जाने की आवश्यकता है।

जिलाधिकारी अपूर्वा पांडेय ने आश्वस्त किया कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारने के लिए जिला प्रशासन पूरी तत्परता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगा।

उत्तराखंड