6.4 किलो की विशाल गांठ निकाल डॉक्टरों ने बचाई महिला की जान!
दर्पण न्यूज 24/7 हल्द्वानी। राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल (एसटीएच) में चिकित्सकों ने एक जटिल एवं चुनौतीपूर्ण ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम देकर 37 वर्षीय महिला को नई जिंदगी दी है। जनरल सर्जरी विभाग की टीम ने महिला के दाहिने स्तन से 6.4 किलोग्राम वजन की विशाल गांठ निकालने में सफलता प्राप्त की।
पिथौरागढ़ जिले के मूनाकोट ब्लॉक के भटेड़ी गांव निवासी पूजा देवी पिछले करीब एक वर्ष से दाहिने स्तन में बढ़ती हुई गांठ से परेशान थीं। स्थानीय स्तर पर उपचार के बाद उन्हें एसटीएच रेफर किया गया। अस्पताल में जांच के दौरान उनका हीमोग्लोबिन स्तर मात्र चार ग्राम प्रति डेसीलीटर पाया गया, जिससे उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई थी।
मरीज के पति पूर्व में हुए पेल्विक फ्रैक्चर के कारण लंबे समय से बिस्तर पर हैं, जिसके चलते परिवार आर्थिक और सामाजिक कठिनाइयों से गुजर रहा था। ऑपरेशन के लिए तत्काल रक्त की आवश्यकता थी, लेकिन परिवार में कोई रक्तदाता उपलब्ध नहीं था। ऐसे में अस्पताल प्रशासन, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अरुण जोशी के निर्देशन तथा सामाजिक संगठनों एवं स्वैच्छिक रक्तदाताओं के सहयोग से सात यूनिट रक्त की निशुल्क व्यवस्था की गई।
आवश्यक चिकित्सकीय प्रबंधन और रक्त चढ़ाने के बाद जनरल सर्जरी विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. प्रतीक शाक्य के नेतृत्व में सर्जिकल टीम ने सफल ऑपरेशन कर 6.4 किलो की गांठ को सुरक्षित रूप से निकाल दिया। मरीज का पूरा उपचार और ऑपरेशन आयुष्मान भारत योजना के तहत निशुल्क किया गया।
डॉ. प्रतीक शाक्य ने इस सफलता का श्रेय पूरी टीम को देते हुए विभागाध्यक्ष प्रो. राजीव कुमार सिंह, मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. जीएस तितियाल तथा चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अरुण जोशी के मार्गदर्शन और सहयोग के लिए आभार जताया। ऑपरेशन में डॉ. चंद्र प्रताप, डॉ. आकांक्षा गुप्ता और डॉ. काजल की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही।
मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. जीएस तितियाल और चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अरुण जोशी ने सफल ऑपरेशन पर चिकित्सकीय टीम को बधाई देते हुए कहा कि एसटीएच में लगातार जटिल सर्जरियां सफलतापूर्वक की जा रही हैं। इससे पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों के मरीजों को उच्च स्तरीय उपचार की सुविधा अपने राज्य में ही उपलब्ध हो रही है, जो प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं के लिए एक बड़ी उपलब्धि है।
