“शराब को लेकर टोकना पड़ा भारी! रातभर गूंजती रहीं चीखें, सुबह बुजुर्ग मां मिली लहूलुहान” !
बेटी और पोते पर क्रिकेट बैट व डंडों से पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप, अपार्टमेंट में सनसनी।
बेंगलुरु। शराब पीने की आदत पर आपत्ति जताना एक बुजुर्ग मां को इतना महंगा पड़ जाएगा, इसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी। बेंगलुरु के केंगेरी इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 70 वर्षीय महिला की कथित तौर पर उसकी ही बेटी और पोते ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे अपार्टमेंट परिसर में सनसनी फैल गई।
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान 70 वर्षीय जयम्मा के रूप में हुई है। हत्या के आरोप में उनकी बेटी भाग्यलक्ष्मी (49) और पोते कुशल (26) को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
जानकारी के मुताबिक भाग्यलक्ष्मी और उसका बेटा कुशल केंगेरी स्थित एक अपार्टमेंट में रहते थे। अपार्टमेंट के निवासियों का आरोप है कि मां-बेटे लंबे समय से शराब के नशे में हंगामा करते थे। कई बार शिकायतें भी हुईं और कुशल को एक पुनर्वास केंद्र भेजा गया था, लेकिन कुछ सप्ताह पहले लौटने के बाद फिर विवाद शुरू हो गए।
बताया गया कि जयम्मा पिछले कुछ दिनों से अपनी बेटी के घर पर रह रही थीं। पड़ोसियों के अनुसार घटना से एक रात पहले फ्लैट से तेज बहस, झगड़े और मदद के लिए चीखने-चिल्लाने की आवाजें सुनाई दे रही थीं। हालांकि किसी को अंदाजा नहीं था कि अंदर इतना भयावह घटनाक्रम चल रहा है।
अगली सुबह जब लोग मौके पर पहुंचे तो जयम्मा का शव घर के हॉल में बाथरूम के पास पड़ा मिला। आरोप है कि सुबह करीब 5 बजे से 8 बजे के बीच बेटी और पोते ने क्रिकेट बैट और लकड़ी के डंडे से उन पर हमला किया, जिससे उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में शराब को लेकर हुए विवाद को हत्या की वजह माना जा रहा है, हालांकि मामले की सभी पहलुओं से जांच जारी है।
यह घटना एक बार फिर पारिवारिक रिश्तों में बढ़ती हिंसा और नशे की लत के खतरनाक परिणामों पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।
