खबरें शेयर करें -

देर रात गांव में घूमता मिला संदिग्ध, खुद को आंध्र प्रदेश का ‘कृष्णा’ बताने वाले से हो रही है पुलिस की पूछताछ!
हल्दूचौड़। मोटाहल्दू क्षेत्र के जयपुर खीमा गांव में शुक्रवार देर शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब एक संदिग्ध व्यक्ति गांव में घूमता हुआ दिखाई दिया। ग्रामीणों ने उसे रोककर पूछताछ की तो उसने अपना नाम कृष्णा बताया और खुद को आंध्र प्रदेश का निवासी बताया। हालांकि वह गांव में मौजूद होने का संतोषजनक कारण नहीं बता सका, जिससे ग्रामीणों का संदेह और गहरा गया।
मामले की सूचना तत्काल हल्दूचौड़ चौकी पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और संदिग्ध व्यक्ति को अपने कब्जे में लेकर उससे गहन पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस उसकी पहचान, गांव में आने के उद्देश्य तथा उसके दावों का सत्यापन कर रही है।
क्षेत्र में बाहरी लोगों की संदिग्ध गतिविधियों की चर्चाओं के बीच इस घटना ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। लोगों का कहना है कि देर रात अनजान लोगों का गांव में घूमना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि व्यक्ति वास्तव में कौन है और उसका गांव में आने का उद्देश्य क्या था। पुलिस ने लोगों से अफवाहों से बचने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को देने की अपील की है।

उत्तराखंड