एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी की सख्त रणनीति रंग लाई, 10 हजार का इनामी लुटेरा ग्रेटर नोएडा से दबोचा!
विशेष अभियान, मजबूत सर्विलांस और सक्रिय मुखबिर तंत्र के दम पर रामनगर पुलिस व एसओजी को मिली बड़ी सफलता!
दर्पण न्यूज 24/7 | रामनगर
जनपद नैनीताल में अपराधियों के खिलाफ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी की जीरो टॉलरेंस नीति लगातार प्रभावी साबित हो रही है। वांछित और इनामी अपराधियों की शत-प्रतिशत गिरफ्तारी के लिए बनाई गई विशेष कार्ययोजना का ही परिणाम है कि रामनगर पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने 10 हजार रुपये के इनामी लूट आरोपी को ग्रेटर नोएडा से गिरफ्तार कर लिया।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने सभी थाना प्रभारियों को फरार और इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने तथा आधुनिक तकनीक के साथ मजबूत मुखबिर तंत्र का उपयोग करने के निर्देश दिए थे। इन्हीं निर्देशों के अनुपालन में पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, क्षेत्राधिकारी रामनगर अमित कुमार सैनी और प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने लगातार सुरागरसी, सीसीटीवी सर्विलांस और मैनुअल इंटेलिजेंस के आधार पर आरोपी तक पहुंच बनाई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान साहिल पुत्र बहादुर, निवासी मालधन नंबर-04, रामनगर (उम्र 26 वर्ष) के रूप में हुई है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था, जिसके चलते एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने उस पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
पुलिस के अनुसार 29 अप्रैल 2026 को हाथीडगर क्षेत्र में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर स्कूटियों से सुरजीत सिंह का पीछा किया, उनका वाहन रुकवाया और तमंचे की नोक पर जान से मारने की धमकी देकर लूट की वारदात को अंजाम दिया था। इस मामले में कोतवाली रामनगर में एफआईआर संख्या 128/2026 दर्ज की गई थी।
इस घटना में शामिल तीन अन्य आरोपियों को पुलिस पहले ही लूट के माल सहित गिरफ्तार कर चुकी थी, जबकि मुख्य आरोपी साहिल लगातार गिरफ्तारी से बचता फिर रहा था। आखिरकार सोमवार, 29 जून को पुलिस टीम ने ग्रेटर नोएडा में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा और कानून से बचने की कोशिश करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के नेतृत्व में चल रहे इस अभियान से अपराधियों में भय और आमजन में सुरक्षा का विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है।
