

स्वरोजगार की राह में बैंकिंग की बाधा!
लाभार्थियों ने उठाए सवाल : लोन के लिए तीन साल की आईटीआर, राशन कार्ड कटने की समस्या भी आई सामने!
लालकुआं। सरकारी योजनाओं के सहारे स्वरोजगार शुरू कर आत्मनिर्भर बनने की उम्मीद लगाए बैठे लाभार्थियों के सामने बैंकिंग प्रक्रिया और दस्तावेजों की पेचीदगी बड़ी चुनौती बनकर सामने आई है। मंगलवार को नगर पंचायत सभागार में जिला उद्योग केंद्र हल्द्वानी के सहयोग से आयोजित स्वरोजगार जागरूकता कार्यक्रम में लाभार्थियों ने अधिकारियों के सामने अपनी समस्याएं खुलकर रखीं।
कार्यक्रम में विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं की पात्रता, ऋण सुविधा और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी गई। इसी दौरान लाभार्थियों ने बताया कि ऋण आवेदन के लिए पिछले तीन वर्षों की आयकर रिटर्न समेत कई दस्तावेज मांगे जा रहे हैं। छोटे स्तर पर कारोबार शुरू करने की तैयारी कर रहे लोगों के लिए यह प्रक्रिया परेशानी का कारण बन रही है।
लाभार्थियों ने आईटीआर दाखिल करने के बाद राशन कार्ड कटने की समस्या भी अधिकारियों के सामने रखी। उनका कहना था कि स्वरोजगार और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया में अलग-अलग विभागों की शर्तों के कारण उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
जिला उद्योग केंद्र की सहायक महाप्रबंधक सीमा बिष्ट ने समस्याओं के समाधान के लिए लीड बैंक और संबंधित बैंकों से पत्राचार करने का आश्वासन दिया। उन्होंने लाभार्थियों को योजनाओं के तहत मिलने वाली सुविधाओं और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी भी दी।
नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी ने कहा कि स्वरोजगार योजनाएं युवाओं, महिलाओं और जरूरतमंद लोगों को आत्मनिर्भर बनाने का प्रभावी माध्यम हैं। पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक प्रयास किए जाएंगे।
कार्यक्रम में ईओ ईश्वर सिंह रावत, कमल किशोर, सभासद धन सिंह बिष्ट, भुवन पांडे, हेमंत पांडे, मनोज बर्गली, सोनू भारती समेत बड़ी संख्या में लाभार्थी मौजूद रहे।
