खबरें शेयर करें -

‘जिसे टिकट मिले, उसे सब मिलकर लड़ाएं… हर बूथ जिताने का लें संकल्प’ !

परिवर्तन संकल्प सम्मेलन में प्रमोद कालोनी ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को दिया 2027 की जीत का मंत्र!

दर्पण न्यूज 24/7 हल्दूचौड़। कांग्रेस के परिवर्तन संकल्प सम्मेलन में लालकुआं विधानसभा से प्रबल दावेदार प्रमोद कालोनी का संबोधन संगठनात्मक दृष्टि से सबसे महत्वपूर्ण माना गया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि कांग्रेस को वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में सफलता हासिल करनी है तो व्यक्तिगत दावेदारी और गुटबाजी से ऊपर उठकर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना होगा।

कालोनी ने कहा कि चुनाव केवल बड़े नेताओं के भाषणों या नारों से नहीं जीते जाते, बल्कि बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की मेहनत, समर्पण और संगठन की मजबूती ही जीत की असली नींव होती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि अभी से प्रत्येक बूथ को मजबूत करने का संकल्प लें और घर-घर जाकर कांग्रेस की नीतियों एवं जनहित के मुद्दों को जनता तक पहुंचाएं।

अपने संबोधन में उन्होंने वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव का हवाला देते हुए कहा कि लालकुआं विधानसभा में लगभग 1.20 लाख मतदाता और 142 बूथ थे, लेकिन कांग्रेस केवल 23 बूथों पर ही बढ़त बना सकी। उन्होंने कहा कि यह आंकड़ा बताता है कि पार्टी को सबसे अधिक मेहनत बूथ स्तर पर करने की आवश्यकता है। यदि बूथ मजबूत होंगे तो विधानसभा की जीत का रास्ता भी स्वतः आसान हो जाएगा।

उन्होंने कहा कि लालकुआं नगर, बिंदुखत्ता, हल्दूचौड़ और ग्रामीण क्षेत्रों में संगठन को और सक्रिय बनाने की जरूरत है। हर कार्यकर्ता अपने बूथ की जिम्मेदारी स्वयं ले और यह सुनिश्चित करे कि संगठन की पहुंच प्रत्येक मतदाता तक हो।

प्रमोद कालोनी ने अपने संबोधन में पूर्व चुनावों के दौरान सामने आए मतभेदों का भी संकेत देते हुए कहा कि अब समय पुरानी बातों को भूलकर एकजुट होने का है। उन्होंने संध्या डालाकोटी और कुंदन मेहता का उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस की ताकत उसकी एकता में है। सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को व्यक्तिगत मतभेदों से ऊपर उठकर पार्टी के हित में कार्य करना चाहिए।

उन्होंने टिकट वितरण को लेकर भी स्पष्ट संदेश दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी जिसे भी उम्मीदवार बनाए, उसके समर्थन में पूरा संगठन पूरी निष्ठा और ईमानदारी से चुनाव मैदान में उतरे। टिकट किसी एक व्यक्ति को मिलता है, लेकिन चुनाव पूरी कांग्रेस लड़ती है। यदि कार्यकर्ता एकजुट होकर अधिकृत प्रत्याशी के लिए काम करेंगे तो जीत की संभावना कई गुना बढ़ जाएगी।

करीब तीन दशक से कांग्रेस से जुड़े होने का उल्लेख करते हुए कालोनी ने कहा कि उन्होंने हर परिस्थिति में पार्टी का साथ निभाया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से भी अपील की कि वे संगठन को सर्वोपरि मानते हुए कांग्रेस को मजबूत बनाने के लिए पूरी ऊर्जा के साथ जुट जाएं।

अपने संबोधन के अंत में उन्होंने कार्यकर्ताओं से संकल्प दिलाया कि वे हर हाल में अपने-अपने बूथ को जिताने के लिए काम करेंगे। उन्होंने कहा,

“जिसे पार्टी टिकट दे, उसे पूरी ताकत से लड़ाइए। व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा से ऊपर उठकर संगठन को मजबूत बनाइए। हर कार्यकर्ता अपने बूथ को जीतने का संकल्प ले, क्योंकि बूथ जीते बिना विधानसभा नहीं जीती जा सकती। 2027 की जीत का रास्ता बूथ से होकर ही जाएगा।”

प्रमोद कालोनी का यह संबोधन सम्मेलन का सबसे चर्चित भाषण रहा। राजनीतिक जानकार इसे लालकुआं विधानसभा में कांग्रेस के भीतर संगठनात्मक एकजुटता, अनुशासन और बूथ प्रबंधन को लेकर दिया गया एक स्पष्ट चुनावी संदेश मान रहे हैं।

उत्तराखंड